मेटा कर रही मानुस के अधिग्रहण को रद्द करने की तैयारी, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
मेटा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप मानुस के अधिग्रहण को रद्द करने की योजना बना रही है। यह कदम चीनी सरकार की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से इस लेन-देन पर प्रतिबंध लगाने के बाद उठाया जा रहा है। मार्क जुकरबर्ग के नेतृत्व वाली कंपनी ने पिछले साल मानुस AI को 2.5 अरब डॉलर (करीब 230 अरब रुपये) में खरीदा था और फिर कंपनी की तकनीक को अपने सिस्टम में एकीकृत करने पर काम किया था।
चुनौती
अधिग्रहण रद्द करना नहीं होगा आसान
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि टेनसेंट, HSG और जेनफंड सहित एशिया में मानुस के कई पूर्व निवेशक, मेटा द्वारा सौदे को रद्द करने की योजना पर आगे बढ़ने पर सहयोग करने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा कंपनी सह-संस्थापकों को भी हटाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, यह काम आसान नहीं होगा, क्योंकि कंपनी को एकीकृत हो चुके संचालन, डाटा और तकनीक को अलग-अलग करना होगा।
प्रतिबंध
चीन लगा सकता है प्रतिबंध
खबरों के मुताबिक, चीनी अधिकारियों ने मेटा और मानुस को अधिग्रहण को पूरी तरह रद्द करने और स्टार्टअप की चीनी संपत्तियों को उनकी मूल स्थिति में बहाल करने के लिए कुछ सप्ताह की प्रारंभिक समय सीमा दी है। अगर, दोनों कंपनियां इस सौदे को पूरी तरह से रद्द करने में विफल रहती हैं तो चीन इन पर और अधिक प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है। वहां की सरकार शुरू से ही इस अधिग्रहण से नाराज थी।