जेंसेन-एलिस विवाद में मेगास्पीड ने दी सफाई, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
एनवीडिया के संस्थापक जेंसेन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच विवाहेतर संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के बीच मेगास्पीड ने चुपी तोड़ी है। उसने रविवार को बताया कि एलिस ने 30 अगस्त, 2025 को आधिकारिक तौर पर कंपनी छोड़ दी थी और अब किसी पद पर नहीं हैं। यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है, जब जेंसेन के साथ उनके संबंधों और कंपनी के कामकाज और सप्लाई चेन से जुड़े आरोपों को लेकर जांच-पड़ताल चल रही है।
सफाई
एलिस के संबंध को लेकर नहीं की टिप्पणी
सिंगापुर स्थित क्लाउड-कंप्यूटिंग कंपनी ने CNBC के साथ साझा किए गए एक बयान में कहा, "एलिस हुआंग 30 अगस्त, 2025 से आधिकारिक तौर पर मेगास्पीड से अलग हो गई हैं और फिलहाल कंपनी में उनकी कोई भूमिका नहीं है। मेगास्पीड हुआंग के निजी और व्यक्तिगत मामलों पर कोई टिप्पणी नहीं करती है।"
कंपनी ने कहा कि उसने वैध और कानून सम्मत कारोबार किया है और पूरी आंतरिक जांच कराने के लिए बाहरी कानूनी सलाहकारों को नियुक्त किया है।
खारिज
आरोपों को किया खारिज
कंपनी ने कहा, "मेगास्पीड को हाल ही में आई उन मीडिया रिपोर्ट्स की जानकारी है, जिनमें हमारे कारोबार, सप्लाई चेन और वैश्विक कामकाज के बारे में ऐसे दावे किए गए हैं, जिनके समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं है।"
मेगास्पीड ने यह भी कहा कि वह पूरी तरह से वैध और कानूनी तरीके से अपना कारोबार करती है और अपने कामकाज से जुड़े आरोपों को खारिज किया।
बता दें कि यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में क्लाउड कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर चलाती है।
आरोप
अमेरिकी अधिकारियों ने लगाया आरोप
2024 से मेगास्पीड की जांच कर रहे अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि उनके पास यह मानने के कारण हैं कि कंपनी ने चीन में प्रतिबंधित एनवीडिया AI चिप्स भेजने के लिए एक आड़ (फ्रंट) के रूप में काम किया।
इसके साथ ही अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का मानना है कि एलिस चीनी खुफिया तंत्र से जुड़ी हो सकती हैं। सिंगापुर के गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।