मार्क जुकरबर्ग की दौलत में बड़ी उछाल, एक दिन में 2,400 अरब रुपये बढ़ी संपत्ति
क्या है खबर?
मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में एक दिन में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, मेटा के शेयरों में करीब 12 प्रतिशत की तेजी के कारण उनकी संपत्ति एक दिन में करीब 25 अरब डॉलर (लगभग 2,600 अरब रुपये) बढ़ गई। इस तेजी के पीछे मेटा की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रणनीति को लेकर निवेशकों का भरोसा अहम वजह माना जा रहा है।
संपत्ति
कितनी है मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति?
फोर्ब्स के मुताबिक, मेटा के शेयरों में तेजी के बाद जुकरबर्ग की अनुमानित संपत्ति बढ़कर 253.6 अरब डॉलर (लगभग 24,300 अरब रुपये) हो गई है।
सोमवार (21 सितंबर) को कारोबार शुरू होने पर उनकी संपत्ति में शुरुआती तौर पर 12.9 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। दोपहर तक शेयरों में तेजी और बढ़ी, जिससे एक दिन में उनकी कुल बढ़ोतरी करीब 25 अरब डॉलर हो गई।
फोर्ब्स की रियल-टाइम अरबपतियों की सूची में जुकरबर्ग छठे स्थान पर थे।
नजर
म्यूज को लेकर निवेशकों की नजर
मेटा के शेयरों में तेजी के बीच वेल्स फार्गो ने कंपनी के शेयर का मूल्य लक्ष्य 640 डॉलर से बढ़ाकर 796 डॉलर कर दिया।
बैंक ने मेटा के नए AI एजेंट म्यूज के इस्तेमाल से जुड़े आंकड़ों को अहम संकेतक बताया है।
मेटा ने इस महीने म्यूज पेश किया था, जिसे एक ऐसे AI एजेंट के रूप में बताया गया है, जो सवालों के जवाब देने के साथ कुछ काम भी कर सकता है।
AI
AI और स्मार्ट चश्मों पर जोर
मेटा कनेक्ट 2026 का आयोजन 23 और 24 सितंबर को होने वाला है। इस कार्यक्रम में कंपनी की AI रणनीति, AI एजेंट और स्मार्ट चश्मों से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।
मेटा ने कहा है कि म्यूज उसके AI ग्लासेज में भी आएगा। कंपनी लंबे समय से AI पर निवेश कर रही है और 2013 में फेसबुक AI रिसर्च शुरू की थी।
जुकरबर्ग के पास मेटा के करीब 13 प्रतिशत शेयर हैं।