Loading...
मेकमायट्रिप ने IPO के लिए आवेदन किया, भारत में जल्द हो सकती है लिस्टिंग
मेकमायट्रिप ने IPO के लिए आवेदन किया

मेकमायट्रिप ने IPO के लिए आवेदन किया, भारत में जल्द हो सकती है लिस्टिंग

Jul 17, 2026
06:48 pm

क्या है खबर?

ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी मेकमायट्रिप ने भारत में अपना IPO लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी की भारतीय इकाई ने SEBI, BSE और NSE के पास गोपनीय रूप से ड्राफ्ट दस्तावेज जमा किए हैं। कंपनी ने IPO के सटीक आकार का खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्टों में इसका आकार 1 अरब डॉलर (करीब 9,600 करोड़ रुपये) से अधिक बताया गया है, जिससे यह देश के बड़े IPO में शामिल हो सकता है।

शेयर बिक्री

शेयर बिक्री भी हो सकती है शामिल

कंपनी ने बताया कि इस प्रस्तावित IPO में मेकमायट्रिप और उसकी सहयोगी कंपनी इबिबो ग्रुप होल्डिंग्स अपने कुछ शेयर बेच सकती हैं।

हालांकि, IPO पूरा होने के बाद भी मेकमायट्रिप इंडिया कंपनी की सहयोगी इकाई बनी रहेगी। इसका कारोबार और वित्तीय नतीजे पहले की तरह मेकमायट्रिप के समेकित वित्तीय विवरण का हिस्सा बने रहेंगे और कंपनी का नियंत्रण भी पूरी तरह उसके पास बना रहेगा।

इससे कंपनी की मौजूदा कारोबारी संरचना में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

फायदा

ब्रांड और कारोबार को मिलेगा फायदा

मेकमायट्रिप का मानना है कि भारत में शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से उसके ब्रांड की पहचान और मजबूत होगी।

कंपनी का कहना है कि इससे अच्छे तकनीकी कर्मचारियों को जोड़ने और उन्हें लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

इसके साथ ही शेयर बिक्री से मिलने वाली राशि कंपनी की नकदी स्थिति को मजबूत करेगी और भविष्य की विकास योजनाओं, नए निवेश और कारोबार विस्तार में उपयोग की जाएगी।

ADVERTISEMENT

रणनीति

लंबी अवधि की रणनीति पर रहेगा फोकस

कंपनी ने कहा है कि IPO से मिलने वाली कुल राशि का इस्तेमाल लंबे समय की विकास योजनाओं, नए निवेश और जरूरत पड़ने पर अन्य कंपनियों के अधिग्रहण जैसे कामों में किया जा सकता है।

सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद कंपनी भारत और अमेरिका के बाजारों में अपने शेयरधारकों के लिए आगे की संभावनाओं का भी मूल्यांकन करेगी, ताकि भविष्य में कारोबार का दायरा और मजबूत बनाया जा सके।

ADVERTISEMENT