इंस्टामार्ट ऐप से अब मिलेगा LPG सिलेंडर, यहां शुरू हुई नई सुविधा
क्या है खबर?
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने मिलकर नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत अब ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप से LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। वर्तमान में इस सुविधा की शुरुआत एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बेंगलुरु के सुब्रमण्यपुरा इलाके से की गई है। कंपनी का कहना है कि इस सेवा का मकसद लोगों तक रसोई गैस की तेज, आसान और सुविधाजनक डिलीवरी पहुंचाना है।
लाभ
बिना गैस कनेक्शन वाले भी कर सकेंगे ऑर्डर
इस सेवा का फायदा विशेष तौर पर उन लोगों को भी मिलेगा, जिनके पास पहले से घरेलू LPG कनेक्शन नहीं है।
इसके तहत पहली बार सिलेंडर लेने वाले ग्राहकों को पहचान सत्यापन और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसके बाद अगली बार सिलेंडर भरवाने को रिफिल माना जाएगा।
यह सुविधा खासकर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, किराएदारों, छोटे परिवारों और अस्थायी घरों में रहने वालों के लिए उपयोगी मानी जा रही है।
विकल्प
दो तरह के सिलेंडर का मिलेगा विकल्प
इस सेवा के तहत ग्राहकों को HPCL का नया 10 किलोग्राम कंपोजिट LPG सिलेंडर और 5 किलोग्राम धातु वाला सिलेंडर चुनने का विकल्प मिलेगा।
नया कंपोजिट सिलेंडर हल्का है, जंग नहीं पकड़ता और इसकी पारदर्शी बॉडी से गैस का बचा हुआ स्तर भी देखा जा सकता है।
कंपनी का कहना है कि यह छोटे घरों, फ्लैटों और अतिरिक्त गैस सिलेंडर चाहने वाले परिवारों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।
अन्य
अधिकृत डीलर करेंगे सुरक्षित डिलीवरी
इंस्टामार्ट पर मिलने वाले सभी LPG ऑर्डर HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के जरिए पूरे किए जाएंगे।
डिलीवरी तय सुरक्षा नियमों और सरकारी मानकों का पालन करते हुए की जाएगी। दोनों कंपनियों का कहना है कि इस साझेदारी का उद्देश्य लोगों तक डिजिटल माध्यम से जरूरी घरेलू सेवाएं तेजी और भरोसे के साथ पहुंचाना है।
सफल रहने पर भविष्य में इस सेवा का विस्तार दूसरे शहरों में भी किया जा सकता है।