लिंक्डइन में बड़े स्तर पर छंटनी की तैयारी, 5 प्रतिशत कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट के स्वामित्व वाली लिंक्डइन कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, लिंक्डइन जल्द ही अपने करीब 5 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। बताया जा रहा है कि कंपनी अपने बिजनेस ढांचे में बदलाव कर रही है और टीमों को नए तरीके से तैयार करना चाहती है। लिंक्डइन की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस खबर ने टेक सेक्टर में नई चर्चा शुरू कर दी है।
छंटनी
17 हजार से ज्यादा कर्मचारियों पर असर संभव
लिंक्डइन की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी में दुनियाभर में 17,500 से ज्यादा फुल-टाइम कर्मचारी काम करते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस छंटनी का असर किन टीमों पर पड़ेगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कंपनी उन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है जहां उसका कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इसी वजह से कुछ टीमों में बदलाव और कर्मचारियों की संख्या कम करने की तैयारी की जा रही है।
फैसला
कारोबार बढ़ने के बावजूद लिया जा रहा फैसला
लिंक्डइन का कारोबार पिछले साल के मुकाबले बेहतर रहा है। माइक्रोसॉफ्ट की हालिया सिक्योरिटी फाइलिंग में बताया गया कि कंपनी का रेवेन्यू बीते तिमाही में 12 प्रतिशत बढ़ा है। इससे यह संकेत मिला कि साल 2026 में लिंक्डइन की ग्रोथ तेज हुई है। इसके बावजूद कंपनी अब अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि कंपनी अपने खर्च और संसाधनों को नए बिजनेस क्षेत्रों के हिसाब से संतुलित करना चाहती है।
अन्य
AI नहीं बना छंटनी की वजह
रॉयटर्स के मुताबिक, इस छंटनी का कारण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नहीं है। कंपनी कर्मचारियों की जगह AI को नहीं ला रही, बल्कि टीमों को दोबारा व्यवस्थित करने पर काम कर रही है। हाल के महीनों में कई टेक कंपनियों ने भी इसी तरह के कदम उठाए हैं। लिंक्डइन का यह फैसला ऐसे समय आया है जब दुनियाभर में टेक कंपनियां लागत कम करने और तेजी से बदलती तकनीक के अनुसार खुद को ढालने की कोशिश कर रही हैं।