LOADING...
नेटफ्लिक्स के खिलाफ अमेरिका में दायर हुआ मुकदमा, बच्चों का डाटा जुटाने का आरोप
नेटफ्लिक्स पर बच्चों का डाटा जुटाने का आरोप

नेटफ्लिक्स के खिलाफ अमेरिका में दायर हुआ मुकदमा, बच्चों का डाटा जुटाने का आरोप

May 14, 2026
12:40 pm

क्या है खबर?

वीडियो स्ट्रीमिंग दिग्गज नेटफ्लिक्स के खिलाफ अमेरिका में बच्चों का डाटा चुराने के आरोप में मुकदमा हुआ है। टेक्सास के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन ने कंपनी पर आरोप लगाया है कि वह यूजर्स की निजी जानकारी चुपके से इकट्ठा कर रही थी। शिकायत में बच्चों से जुड़ी जानकारी का भी जिक्र किया गया है। मुकदमे में कहा गया कि नेटफ्लिक्स यूजर्स की देखने की आदत, डिवाइस और घरेलू नेटवर्क को ट्रैक कर रहा था।

मामला

यूजर डाटा और विज्ञापन से जुड़ा मामला

मुकदमे के अनुसार, नेटफ्लिक्स यूजर्स की जानकारी विज्ञापन तकनीक कंपनियों और डाटा ब्रोकर्स के साथ साझा या बेच रहा था। टेक्सास सरकार का दावा है कि कंपनी ने इन तरीकों से अरबों डॉलर की कमाई की है। नेटफ्लिक्स ने सार्वजनिक रूप से हमेशा डाटा इकट्ठा करने से इनकार किया, लेकिन अंदर ही अंदर विज्ञापन कारोबार को बढ़ाता रहा है। मुकदमे में यह लाइन भी शामिल की गई कि "जब आप नेटफ्लिक्स देखते हैं, तब नेटफ्लिक्स भी आपको देखता है।"

आरोप

बच्चों को लंबे समय तक जोड़ने का आरोप

टेक्सास सरकार ने नेटफ्लिक्स के ऑटोप्ले फीचर पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि यह फीचर बच्चों को ज्यादा देर तक वीडियो देखने के लिए तैयार किया गया था। शिकायत में इसे "डार्क पैटर्न" बताया गया है। सरकार का कहना है कि बच्चों के अकाउंट पर भी ट्रैकिंग और एंगेजमेंट तकनीक लागू की गई। मुकदमे में मांग की गई है कि बच्चों के प्रोफाइल में ऑटोप्ले फीचर बंद किया जाए और बिना अनुमति के टारगेटेड विज्ञापन दिखाना रोका जाए।

Advertisement

प्रतिक्रिया

नेटफ्लिक्स ने आरोपों को किया खारिज

नेटफ्लिक्स ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि यह मुकदमा गलत जानकारी पर आधारित है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है। नेटफ्लिक्स इन दावों को चुनौती देगी। टेक्सास सरकार ने हर उल्लंघन पर 10,000 डॉलर (लगभग 9.50 लाख रुपये) तक जुर्माने की मांग की है। इसके साथ ही, जुटाए गए डाटा को हटाने की भी मांग की गई है। यह मामला अब टेक कंपनियों की डाटा नीति पर सवाल खड़े कर रहा है।

Advertisement