ललिता ज्वेलरी 17 अगस्त को पेश करेगी अपना IPO, जानिए कितनी है शेयर की कीमत
ललिता ज्वेलरी मार्ट जल्द ही अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लेकर आ रहा है। इसमें शेयरों का मूल्य 190 से 201 रुपये के बीच तय किया गया है।
निवेशक 17 से 19 अगस्त के बीच इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। उम्मीद है कि कंपनी 24 अगस्त को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टाॅक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट हो जाएगी। यह ज्वेलरी क्षेत्र में निवेश करने वालों के अच्छा मौका है।
कैसे होगा शेयरों का आवंटन?
इस IPO में आवेदन करने के लिए कम से कम 74 शेयरों का एक लॉट खरीदना पड़ेगा। इसके बाद आप 74 शेयरों के गुणक में ही बोली लगा सकेंगे।
इस ऑफर को मुख्य रूप से 3 भागों में बांटा गया है। इसमें 50 फीसदी तक शेयर बड़े संस्थागत खरीदारों (QIB) के लिए रखे गए हैं, वहीं कम से कम 15 फीसदी शेयर गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए होंगे और कम से कम 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए तय किए गए हैं।
शेयरों का आवंटन 20 अगस्त को होगा, जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे 21 अगस्त से वापस होने शुरू हो जाएंगे।
कर्ज चुकाने में होगा पैसों का इस्तेमाल
इस IPO से कंपनी जो पैसा जुटाएगी, उसका उपयोग अपने पुराने कर्ज चुकाने और कामकाज के लिए आवश्यक पूंजी (वर्किंग कैपिटल) बढ़ाने में किया जाएगा।
शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से इस ब्रांड को न केवल ज्यादा पहचान मिलेगी, बल्कि यह भविष्य में इसके विकास के लिए नए अवसर भी पैदा कर सकता है।