क्रेडिट कार्ड बंद करने से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
क्या है खबर?
आजकल लोग कैशबैक, ट्रैवल रिवॉर्ड और ऑनलाइन खरीदारी पर छूट पाने के लिए कई क्रेडिट कार्ड ले लेते हैं। धीरे-धीरे कार्डों की संख्या जरूरत से ज्यादा हो सकती है। अगर सभी बिल समय पर चुकाए जा रहे हैं, तो ज्यादा कार्ड रखना गलत नहीं है। परेशानी तब होती है, जब कार्ड पर सालाना फीस देनी पड़े और बदले में फायदा बहुत कम मिले। ऐसे में कार्ड बंद करने से पहले कुछ जरूरी बातों पर ध्यान देना चाहिए।
#1
कम इस्तेमाल वाले कार्डों की पहले जांच करें
सबसे पहले अपने सभी क्रेडिट कार्ड एक-एक करके देखें और पता करें कि कौन-सा कार्ड वास्तव में काम आता है।
जिस कार्ड से नियमित खर्च पर अच्छा कैशबैक या रिवॉर्ड मिलता है, उसे रखना फायदेमंद हो सकता है। लाइफटाइम-फ्री कार्ड भी उपयोगी हो सकता है, क्योंकि इसमें सालाना फीस नहीं लगती।
वहीं, कम इस्तेमाल होने वाले और ज्यादा फीस वाले कार्ड को बंद करने से पहले बैंक से फीस माफ करने या कार्ड बदलने की बात करें।
#2
पुराने और ज्यादा लिमिट वाले कार्ड संभालकर रखें
क्रेडिट कार्ड बंद करने से पहले यह जरूर देखें कि वह कितना पुराना है और उसकी क्रेडिट लिमिट कितनी है।
अच्छे भुगतान रिकॉर्ड वाला पुराना कार्ड आपकी क्रेडिट हिस्ट्री को लंबा रखने में मदद कर सकता है। ज्यादा लिमिट वाला कार्ड बंद करने से कुल उपलब्ध क्रेडिट घट जाता है।
अगर बकाया रकम वही रहती है, तो क्रेडिट इस्तेमाल का अनुपात बढ़ सकता है। इससे आपके क्रेडिट प्रोफाइल पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका रहती है।
#3
कार्ड बंद करने से पहले बकाया चुकाएं
किसी भी क्रेडिट कार्ड को बंद करने से पहले उसका पूरा बकाया चुका दें। साथ ही लंबित लेनदेन, रिफंड और अतिरिक्त शुल्क की जांच करें।
अगर रिवॉर्ड पॉइंट बचे हैं, तो उन्हें पहले इस्तेमाल कर लें। इसके बाद कार्ड जारी करने वाली कंपनी से औपचारिक रूप से बंद करने का अनुरोध करें और उसकी पुष्टि सुरक्षित रखें।
ऐसे कार्ड रखें जो कम खर्च वाले, उपयोगी और आसानी से संभाले जा सकें। कम फायदे वाले कार्ड बंद करने पर विचार करें।