Loading...
जेन्सेन हुआंग फिर बने एनवीडिया के CEO, एक दिन में 3,100 अरब रुपये बढ़ी संपत्ति
जेन्सेन हुआंग फिर बने एनवीडिया के CEO

जेन्सेन हुआंग फिर बने एनवीडिया के CEO, एक दिन में 3,100 अरब रुपये बढ़ी संपत्ति

Nov 24, 2026
08:54 am

क्या है खबर?

जेन्सेन हुआंग एक बार फिर एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त हो गए हैं। फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को बाजार बंद होने तक उनकी कुल संपत्ति 144 अरब डॉलर (लगभग 13,500 अरब रुपये) दर्ज की गई। बाजार खुलने से पहले के मुकाबले इसमें 33.9 अरब डॉलर (लगभग 3,100 अरब रुपये) की बढ़ोतरी हुई। उनकी वापसी की खबर के बाद एनवीडिया के शेयरों में तेजी आई, जिससे उनकी संपत्ति में करीब 30 प्रतिशत का इजाफा हुआ।

जिम्मेदारी

बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से सौंपी जिम्मेदारी

एनवीडिया के निदेशक मंडल ने सोमवार को बयान जारी कर हुआंग को कंपनी के अध्यक्ष, CEO और निदेशक के रूप में तत्काल प्रभाव से बहाल करने की जानकारी दी।

बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि हुआंग कंपनी का नेतृत्व करने के लिए सही व्यक्ति हैं। बोर्ड को भरोसा है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में होगी।

अमेरिकी सरकारी अधिकारियों से भी इस फैसले पर सलाह ली गई थी।

विवाद

विवादों के बाद छोड़ा था CEO का पद

हुआंग ने 12 नवंबर को CEO का पद छोड़ दिया था। यह फैसला उनके निजी संबंधों को लेकर सामने आई खबरों के बाद आया था।

रिपोर्ट में एलिस हुआंग, जिन्हें संदिग्ध चीनी खुफिया एजेंट बताया गया, और एनवीडिया की अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ उनके कथित संबंधों का जिक्र किया गया था।

इस विवाद के दौरान उनकी संपत्ति में गिरावट आई और वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 18वें स्थान पर पहुंच गए थे।

ADVERTISEMENT

जिम्मेदारी

कोलेट क्रेस ने संभाली थी अंतरिम जिम्मेदारी, जांच जारी

हुआंग की गैरमौजूदगी में कंपनी की CFO कोलेट क्रेस ने अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाली थी।

बोर्ड ने उनके काम की सराहना की और वित्तीय अधिकारी के रूप में उनकी भूमिका जारी रहने की बात कही। हुआंग ने वापसी पर बोर्ड, कर्मचारियों और परिवार का आभार जताया।

कंपनी के स्वतंत्र निदेशकों की समिति मामले की जांच कर रही है। बोर्ड ने व्यापार नियमों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए अलग समिति भी बनाई है।

ADVERTISEMENT