IIT-कानपुर के छात्रों को 10-10 लाख रुपये देंगे इक्सिगो के सह-CEO आलोक कुमार, क्या है योजना?
क्या है खबर?
इक्सिगो के सह-संस्थापक और समूह के सह-CEO आलोक कुमार ने IIT-कानपुर के छात्रों के लिए 1 करोड़ रुपये का फंड शुरू किया है। उन्होंने 28 अक्टूबर को 'मेड इन फायर फंड' की घोषणा की है। IIT-कानपुर से पढ़ाई पूरी करने के 25 साल बाद शुरू की गई इस पहल का मकसद नए छात्रों को अपना कारोबार शुरू करने में मदद देना है। इसके जरिए नए उद्यमियों को शुरुआती पूंजी और जरूरी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
फंड
10 स्टार्टअप को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये
इस फंड के तहत IIT-कानपुर से हर साल पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों के 10 तकनीकी स्टार्टअप चुने जाएंगे।
हर चुने गए स्टार्टअप को शुरुआती उत्पाद तैयार करने के लिए 10 लाख रुपये की मदद मिलेगी। यह राशि ऐसी होगी, जिसके बदले संस्थापकों को अपनी कंपनी की हिस्सेदारी नहीं देनी पड़ेगी।
इसके साथ ही उन्हें आलोक कुमार, इक्सिगो की नेतृत्व टीम और कंपनी के कारोबारी संपर्कों से भी सलाह और सहयोग मिलेगा।
सहायता
कारोबार को आगे बढ़ाने में भी मिलेगी सहायता
फंड के तहत चुने गए स्टार्टअप को केवल पैसा ही नहीं मिलेगा, बल्कि कारोबार को आगे बढ़ाने में भी मदद की जाएगी।
संस्थापकों को अपने उत्पाद में सुधार, ग्राहकों तक पहुंचने, कर्मचारियों की भर्ती और निवेशकों से संपर्क करने में मार्गदर्शन मिलेगा। 6-12 महीने बाद उन्हें एक कार्यक्रम में अपने काम की जानकारी देने का मौका भी मिलेगा।
चयन में संस्थापकों के विचार, ग्राहकों की जरूरतों की समझ, काम करने की क्षमता और भविष्य की योजना को महत्व दिया जाएगा।
आवेदन
तकनीक से जुड़ी कई क्षेत्रों की कंपनियां कर सकेंगी आवेदन
'मेड इन फायर फंड' के लिए IIT-कानपुर से पढ़ाई पूरी करने वाले छात्र अकेले या अपनी टीम के साथ आवेदन कर सकते हैं।
इस पहल में AI, सॉफ्टवेयर, स्वास्थ्य तकनीक, परिवहन, जलवायु और नई तकनीकों से जुड़े स्टार्टअप शामिल होंगे। फंड का मुख्य उद्देश्य ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाना है, जो किसी वास्तविक समस्या का तकनीक के जरिए समाधान निकालना चाहते हैं।
इससे छात्रों को अपने विचारों को उत्पाद और कारोबार में बदलने में मदद मिल सकेगी।