इंफोसिस ने शुरू की वेतन वृद्धि, 5 से 8 प्रतिशत तक किया इजाफा
क्या है खबर?
इंफोसिस ने 24 फरवरी से कर्मचारियों की वेतन वृद्धि शुरू कर दी है। वेतन में 5 से 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वालों को 10-12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी मिली है।
कंपनी ने प्रदर्शन को 4 श्रेणियों (उत्कृष्ट, सराहनीय, संतोषजनक और सुधार योग्य) में बांटा है।
बैंड JL6 और उससे नीचे के कर्मचारियों की वेतन वृद्धि 1 अप्रैल से होगी। कंपनी ने पहले कहा था कि जनवरी, 2025 से वेतन वृद्धि का दूसरा चरण शुरू होगा।
देरी
IT कंपनियों ने वेतन वृद्धि में की देरी
अधिकतर IT कंपनियों ने वेतन वृद्धि में देरी की, लेकिन इंफोसिस ने घोषणा कर दी। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को छोड़कर बाकी शीर्ष IT कंपनियां मार्जिन बचाने के लिए वेतन चक्र टाल रही हैं।
इंफोसिस कम वेतन वृद्धि की भरपाई भत्तों और अन्य लाभों से करेगी। कंपनी में 3.23 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं और पिछली वेतन वृद्धि नवंबर, 2023 में हुई थी।
कंपनी ने कर्मचारियों को वेतन पत्र फरवरी के अंत तक देने की योजना बनाई थी।
बयान
इंफोसिस के अधिकारी क्या बोले?
इंफोसिस के मुख्य वित्तीय अधिकारी जयेश संघराजका ने कहा कि भारत में वेतन वृद्धि 6-8 प्रतिशत रहेगी, जबकि विदेशों में पिछले वेतन चक्र के अनुरूप होगी।
CEO सलिल पारेख के अनुसार, बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को ज्यादा बढ़ोतरी मिलेगी और अधिकतर कर्मचारियों को चौथी तिमाही में वेतन वृद्धि मिलेगी।
इंफोसिस ने अपनी वेतन नीति को चरणबद्ध रूप से लागू करने की योजना बनाई है, जिसका दूसरा चरण अप्रैल, 2025 में आएगा।