इंडिगो करेगी 1,000 से अधिक पायलट्स की भर्ती, जानिए क्यों उठाया कदम
क्या है खबर?
दिग्गज एयरलाइन इंडिगो बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान चलाने जा रही है, जिसके तहत वह 1,000 से अधिक पायलट्स की नियुक्ति करेगी। नई भर्ती में प्रशिक्षु प्रथम अधिकारी, वरिष्ठ प्रथम अधिकारी और कमांडर शामिल होंगे। भर्ती नोटिस से पता चलता है कि एयरलाइन अपने नेटवर्क के प्रमुख विमान एयरबस A320 पर बिना अनुभव वाले आवेदकों को भी स्वीकार करने के लिए तैयार है। यह कदम उसके परिचालन में दिसंबर, 2025 में हुए भारी व्यवधान के बाद उठाया जा रहा है।
कमियां
जांच में ये कमियां आई थी सामने
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से की गई एक समीक्षा में यह निष्कर्ष निकाला गया कि एयरलाइन ने न तो नए नियमों के अनुरूप भर्तियां कीं और न ही अपनी प्रशिक्षण क्षमता में वृद्धि की। जांच में यह भी पाया गया कि इसके कारण पायलट्स पर बार-बार तबादलों, लंबे कार्यकाल और चालक दल के सदस्यों को यात्रियों के रूप में अन्य स्थानों पर उड़ानें संचालित करने के लिए ले जाया जाने से उन पर काम का बोझ बढ़ गया।
पदोन्नति
कंपनी प्रथम अधिकारियों को कर रही पदोन्नत
इकोनॉमिक टाइम्स को एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंडिगो अब विमानों की बढ़ती संख्या के साथ तालमेल बिठाने के लिए कॉकपिट क्रू की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। एयरलाइन की आंतरिक प्रणाली वर्तमान में प्रति माह लगभग 20-25 प्रथम अधिकारियों को कप्तान के पद पर पदोन्नत कर रही है। अब भर्ती के साथ-साथ एयरलाइन ने दैनिक संचालन में अधिक राहत पाने के लिए अपने नेटवर्क नियोजन में भी बदलाव करना शुरू कर दिया है।
समस्या
पायलट्स की कमी से आई थी समस्या
DGCA की बुनियादी आवश्यकता प्रति विमान 3 पायलट्स की है, जिसमें एक कप्तान और एक प्रथम अधिकारी शामिल हैं, लेकिन इंडिगो के अत्यधिक उपयोग के स्तर के कारण इसकी आवश्यकता इससे दोगुने से भी अधिक हो जाती है। पिछले साल दिसंबर की घटना की जांच के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों से पता चला कि एयरलाइन को 2,422 कप्तानों की आवश्यकता थी, जबकि उसके पास 2,357 ही थे। इस कारण उसके परिचालन में व्यवधान हुआ और 5,000 उड़ानें रद्द करनी पड़ी।