LOADING...
अमेरिका-ईरान शांति समझौते से चमके भारतीय शेयर, कई सेक्टरों में आई जोरदार तेजी
शांति समझौते से शेयर बाजार में जोरदार तेजी

अमेरिका-ईरान शांति समझौते से चमके भारतीय शेयर, कई सेक्टरों में आई जोरदार तेजी

Jun 15, 2026
02:58 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की घोषणा के बाद भारतीय शेयर बाजार में आज (15 जून) जोरदार तेजी देखने को मिली है। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 1,197 अंक चढ़कर 76,725 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 करीब 362 अंक बढ़कर 23,985 पर कारोबार करता दिखा। निवेशकों ने इस खबर का स्वागत किया, क्योंकि इससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और वैश्विक आर्थिक माहौल बेहतर होने की उम्मीद बढ़ गई है।

शेयर

पश्चिम एशिया से जुड़े शेयरों में बढ़ी खरीदारी

शांति समझौते का सबसे ज्यादा असर उन कंपनियों के शेयरों पर दिखा जिनका कारोबार पश्चिम एशिया में बड़ा है। L&T का शेयर 3.33 प्रतिशत बढ़कर 4,184 रुपये तक पहुंच गया। कंपनी की ऑर्डर बुक का 37 प्रतिशत हिस्सा इसी क्षेत्र से आता है। KEC इंटरनेशनल का शेयर भी 3 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 520 रुपये पर पहुंच गया। निवेशकों को उम्मीद है कि क्षेत्र में स्थिरता आने से इन कंपनियों की परियोजनाओं को फायदा मिलेगा।

फायदा

निर्यात और बंदरगाह कंपनियों को भी फायदा

अडाणी पोर्ट्स के शेयर में भी बढ़त दर्ज की गई और यह 0.71 प्रतिशत चढ़कर 1,825 रुपये तक पहुंच गया। कंपनी इजरायल के हाइफा पोर्ट का संचालन भी करती है। वहीं चावल निर्यातक कंपनी KRBL का शेयर 2.41 प्रतिशत बढ़ गया। कंपनी के बासमती चावल निर्यात का लगभग 61 प्रतिशत हिस्सा पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों से आता है। ऐसे में क्षेत्र में शांति से निर्यात कारोबार मजबूत होने की उम्मीद बढ़ी है।

Advertisement

राहत

तेल कंपनियों और इंडिगो को मिली राहत

कच्चे तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट के बाद तेल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में भी तेजी आई। HPCL का शेयर 3.84 प्रतिशत, IOC का 3.09 प्रतिशत और BPCL का 2.56 प्रतिशत चढ़ गया। सस्ते कच्चे तेल से इन कंपनियों की लागत कम हो सकती है। वहीं इंडिगो के शेयर भी करीब 4 प्रतिशत बढ़े, क्योंकि जेट ईंधन सस्ता होने और उड़ान मार्ग सामान्य होने से एयरलाइन कंपनियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Advertisement