ट्रंप के टैरिफ प्लान से भारतीय फार्मा शेयरों में गिरावट, निफ्टी फार्मा इंडेक्स भी टूटा
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आयातित जेनेरिक दवाओं पर चरणबद्ध टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद बुधवार (22 जुलाई) को भारतीय शेयर बाजार में फार्मा शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी फार्मा इंडेक्स करीब दो प्रतिशत तक टूट गया। इंडेक्स में शामिल लगभग सभी प्रमुख कंपनियों के शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। निवेशकों ने इस घोषणा के बाद फार्मा सेक्टर में सतर्क रुख अपनाया और बिकवाली बढ़ गई।
गिरावट
इन कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
शुरुआती कारोबार में ल्यूपिन, ग्लैंड फार्मा, अरबिंदो फार्मा, अजंता फार्मा, साई लाइफ साइंसेज और जाइडस लाइफसाइंसेज के शेयर सबसे ज्यादा गिरने वालों में शामिल रहे।
इन सभी कंपनियों के शेयरों में दो प्रतिशत से अधिक की कमजोरी दर्ज की गई।
इसके अलावा, पिरामल फार्मा, एल्केम लैब्स, सिप्ला और ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली, जिससे पूरे फार्मा सेक्टर पर दबाव बना रहा और निवेशकों की चिंता भी काफी बढ़ गई।
ऐलान
ट्रंप ने क्या किया ऐलान
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में दवा निर्माण को बढ़ावा देने के लिए आयातित जेनेरिक दवाओं पर चरणबद्ध टैरिफ लागू किया जाएगा।
योजना के अनुसार, एक अगस्त से अगले दो वर्षों तक आयातित जेनेरिक दवाओं पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा।
इसके बाद अगस्त, 2028 से एक साल के लिए 100 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा और फिर इसे बढ़ाकर 200 प्रतिशत कर दिया जाएगा, जिससे कंपनियों पर उत्पादन अमेरिका लाने का दबाव बढ़ेगा।
असर
सिर्फ जेनेरिक दवाओं पर होगा असर
ट्रंप प्रशासन के अनुसार, यह नई नीति केवल आयातित जेनेरिक दवाओं पर लागू होगी।
पेटेंट वाली और ब्रांडेड दवाओं के लिए मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। ट्रंप का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य दवा कंपनियों को अमेरिका में उत्पादन इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इससे भविष्य में वैश्विक दवा कारोबार और भारतीय निर्यात पर भी असर पड़ सकता है जिस पर निवेशकों की नजर लगातार बनी हुई है।