नवंबर में भारत के कारोबारी गतिविधियों में आई तेजी, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र का रहा बड़ा योगदान
क्या है खबर?
भारत के निजी क्षेत्र में नवंबर के दौरान कारोबारी गतिविधियों में मामूली तेजी दर्ज की गई है। HSBC के फ्लैश इंडिया परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) के अनुसार, कंपोजिट PMI अक्टूबर के 56.2 से बढ़कर नवंबर में 56.3 पर पहुंच गया है। यह लगातार कारोबार बढ़ने का संकेत है। हालांकि, सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में कुछ सुस्ती रही, लेकिन मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन ने कुल कारोबारी गतिविधियों को बढ़त दिलाई।
वजह
मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में तेजी बनी बढ़ोतरी की मुख्य वजह
नवंबर में कारखानों का प्रदर्शन बेहतर रहने से निजी क्षेत्र की गतिविधियों को सहारा मिला है।
मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र का PMI अक्टूबर के 54.7 से बढ़कर 56.0 पर पहुंच गया, जो 9 महीने का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, उत्पादन सूचकांक भी 57.0 से बढ़कर 58.3 हो गया। कंपनियों को घरेलू बाजार से ज्यादा ऑर्डर मिले और उत्पादन में तेजी आई।
HSBC की मुख्य भारतीय अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने भी उत्पादन और नए ऑर्डर बढ़ने की बात कही है।
ऑर्डर
नए कारोबार और निर्यात ऑर्डर में भी हुआ इजाफा
सर्वे के मुताबिक, कुल नए कारोबार में जून के बाद सबसे तेज बढ़ोतरी हुई।
कंपनियों को घरेलू मांग के साथ विदेशी बाजारों से भी अच्छे ऑर्डर मिले। नए निर्यात ऑर्डर 4 महीनों में सबसे तेज रफ्तार से बढ़े। दवा, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, धातु, परिवहन, वित्तीय सेवाओं और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में मांग मजबूत रही।
हालांकि, सेवा क्षेत्र का कारोबारी गतिविधि सूचकांक अक्टूबर के 55.8 से घटकर नवंबर में 55.3 पर आ गया है।
स्थिति
रोजगार और कीमतों के मोर्चे पर दिखी अलग-अलग स्थिति
नवंबर में मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों ने 7 महीनों के दौरान सबसे तेज रफ्तार से नई भर्तियां कीं, जबकि सेवा क्षेत्र की कंपनियों ने 1 साल बाद कर्मचारियों की संख्या में थोड़ी कटौती की।
दूसरी ओर, कंपनियों की लागत में बढ़ोतरी सीमित रही, हालांकि उन्होंने अपने उत्पादों और सेवाओं की कीमतें कुछ तेजी से बढ़ाईं।
आने वाले एक साल को लेकर कारोबारी भरोसा भी मई के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया, लेकिन यह लंबे समय औसत से नीचे रहा है।