भारत की क्विक कॉमर्स कंपनियों ने रोजाना 91 लाख ऑर्डर डिलीवर कर बनाया रिकॉर्ड
भारत में क्विक कॉमर्स ऐप्स आजकल खूब धूम मचा रहे हैं। अगस्त में इन ऐप्स ने हर दिन 91 लाख ऑर्डर पूरे करके एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
ब्लिंकिट इस दौड़ में सबसे आगे चल रहा है, जो रोजाना करीब 35 लाख ऑर्डर डिलीवर करता है। इसके बाद जेप्टो का नंबर आता है, जो लगभग 25 लाख ऑर्डर पूरे कर रहा है और स्विगी इंस्टामार्ट 14.5 लाख तक ऑर्डर पूरे करता है।
ये तीनों मिलकर कुल क्विक डिलीवरी का लगभग 80 फीसदी हिस्सा संभालते हैं। फ्लिपकार्ट मिनट्स भी हर दिन 10 लाख ऑर्डर तक पहुंचा रहा है, जबकि अमेजन नाउ और बिगबास्केट रोजाना करीब 6-7 लाख ऑर्डर पूरे करते हैं।
इंस्टामार्ट से आगे निकल गया जेप्टो
जेप्टो अब इंस्टामार्ट से एक कदम आगे निकल गया है। इसके पास ज्यादा यूजर्स हैं और डार्क स्टोर्स की संख्या भी बढ़ गई है। साथ ही, यह बड़े ग्राहक वर्ग को आकर्षित करने के लिए प्रीमियम ग्रोसरी आइटम्स भी अपनी सूची में शामिल कर रहा है।
अगर, औसत ऑर्डर वैल्यू (कीमत) की बात करें तो सभी कंपनियों के आंकड़े अलग-अलग हैं। ब्लिंकिट के लिए यह 518 रुपये है, जबकि इंस्टामार्ट के लिए 691 रुपये और जेप्टो के लिए 300-350 रुपये के बीच है।
अमेजन नाउ भी बहुत तेजी से अपने पैर पसार रहा है। यह 300 रुपये के ऑर्डर पर 100 रुपये का कैशबैक दे रहा है और लगातार अपना डिलीवरी नेटवर्क बढ़ा रहा है।
दरअसल, सभी प्लेटफॉर्म त्योहारों के सीजन की भीड़ के लिए अपनी कमर कस रहे हैं। वे ज्यादा स्टाफ और बड़ी क्षमता के साथ तैयार हो रहे हैं, ताकि तेज डिलीवरी का सिलसिला बिना रुके चलता रहे।