खाद्य सुरक्षा पर सख्ती का असर, कंपनियों में क्वालिटी विभाग के लिए बढ़ी भर्ती
क्या है खबर?
देश की बड़ी पैकेज्ड-फूड कंपनियां, रेस्टोरेंट चेन और होटल अब फूड सेफ्टी, क्वालिटी कंट्रोल और नियमों के पालन से जुड़े पदों पर भर्ती बढ़ा रहे हैं। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पेप्सिको, बीकानेरवाला, DLF हॉस्पिटैलिटी, हिल्टन और एलटी फूड्स जैसी कंपनियों ने हाल में ऐसे पदों के लिए विज्ञापन दिए हैं। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब खाद्य कारोबार की निगरानी और जांच लगातार तेज हो रही है।
वजह
बढ़ी जांच बनी वजह
कंपनियों में नई भर्ती की बड़ी वजह खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जांच बढ़ना है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण, महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन और राज्य स्तर के अधिकारी रेस्टोरेंट, होटल और पैकेज्ड-फूड कारोबार की जांच कर रहे हैं।
ऐसे में कंपनियां क्वालिटी और नियमों से जुड़ी टीमों को मजबूत कर रही हैं। उन्हें यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य सामग्री, उत्पादन, सफाई और कारोबार से जुड़े नियमों का सही तरीके से पालन हो।
टीम
रेस्टोरेंट भी बढ़ा रहे टीम
भर्ती का असर रेस्टोरेंट कारोबार में भी दिखाई दे रहा है।
स्पेशलिटी रेस्टोरेंट्स ने कोलकाता, मुंबई और बेंगलुरु में फूड सेफ्टी अधिकारियों की संख्या बढ़ाने की तैयारी की है। इसके अलावा, कई रेस्टोरेंट और होटल कंपनियां अपने स्तर पर जांच और ऑडिट कर रही हैं।
उद्योग संगठनों के जरिए कारोबारियों को चेकलिस्ट भी दी जा रही है, जिसमें वेंडर के पंजीकरण और जरूरी चीजों की अधिक जांच करने को कहा गया है।
जांच
महाराष्ट्र में हजारों जांच
खाद्य सुरक्षा को लेकर कार्रवाई तेज हुई है।
महाराष्ट्र में 1 से 23 सितंबर के बीच चलाए गए विशेष अभियान में 3,068 जांच की गईं। इस दौरान 248 लाइसेंस निलंबित किए गए और 12 लाइसेंस रद्द किए गए। दूसरी ओर, खाद्य नियामक पैकेज्ड-फूड पर पोषण संबंधी जानकारी दिखाने के नियमों में बदलाव की तैयारी कर रहा है।
ऐसे में कंपनियों के लिए खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करना महत्वपूर्ण हो सकता है।