किन कारणों से क्रेडिट कार्ड हो सकता है ब्लॉक? जानिए अनब्लॉक करने का तरीका
क्या है खबर?
क्रेडिट कार्ड ब्लॉक हो जाने से असुविधा और मानसिक तनाव हो सकता है। खासकर, तब जब आपको तत्काल भुगतान करना हो, हवाई टिकट जैसी समयबद्ध सेवाओं की बुकिंग करनी हो। ऐसे मामलों में कई बार देखा गया है कि खरीदारी करते समय दुकान या ऑनलाइन चेकआउट पेज पर अचानक कार्ड बंद हो जाने पर क्रेडिट कार्ड लोग घबरा जाते हैं। आइये जानते हैं कार्ड किन कारणों से ब्लॉक होता है और इसे अनब्लॉक करने के क्या तरीके हैं।
ब्लॉक
ब्लॉक होने के पीछे होती हैं ये वजह
अधिकतर मामलों में बैंक क्रेडिट कार्ड धारक को वित्तीय नुकसान और धनराशि की हानि से बचाने के लिए क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कर देते हैं। क्रेडिट कार्ड अकाउंट पर प्रतिबंध लगने के कई कारण हो सकते हैं। कार्ड चोरी या गुम होने, अनधिकृत लेन-देन, भुगतान न होने, भुगतान में चूक और वसूली के गंभीर मामलों में ब्लॉक किया जा सकता है। अच्छी बात यह है कि उचित प्रक्रिया का पालन करने पर इस समस्या को सुलझाया जा सकता है।
ऑनलाइन तरीका
ऐप या नेट बैंकिंग से करें अनब्लॉक
अनब्लॉक करने के लिए बैंक द्वारा भेजे SMS, ईमेल और नोटिफिकेशंस की समीक्षा करें। इससे पता चल जाएगा कि कार्ड क्यों ब्लॉक किया गया। कई बैंक मोबाइल ऐप या नेट बैंकिंग के 'कार्ड' सेक्शन के माध्यम से क्रेडिट कार्ड को तुरंत अनब्लॉक करने की सुविधा देते हैं। अगर, आपका कार्ड बिलों का भुगतान न करने, सीमा से अधिक उपयोग करने, देय तिथि चूक जाने के कारण ब्लॉक कर दिया है तो बकाया का भुगतान करने से सेवा बहाल हो जाएगी।
कॉल
कस्टमर केयर से करें संपर्क
बैंक की कस्टमर केयर टीम को कॉल करें और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करके आप कार्ड अनब्लॉक करा सकते हैं। संदिग्ध लेन-देन के मामलों में कार्ड को दोबारा चालू करने से पहले बैंक आपसे हाल की खरीदारी की पुष्टि करने के लिए कह सकता है। धोखाधड़ी, डैमेज या एक्सपायर होने के कारण स्थायी रूप से ब्लॉक हो गया है तो बैंक से दूसरा कार्ड जारी करने का अनुरोध करें। कार्ड खो जाने की स्थिति में भी इसी प्रक्रिया का पालन करें।