बैंक खाते में नहीं है पैसा तो म्यूचुअल फंड से करें UPI भुगतान, ऐसे करेगा काम
क्या है खबर?
आपके बैंक खाते में पैसा नहीं और आपको यूनिफाइड इंटरफेस पेमेंट (UPI) से भुगतान करने की जरूरत पड़ जाए तो मुश्किल हो सकती है। ऐसी स्थिति में आपको घबराने की जरूरत नहीं है। आप अपने म्यूचुअल फंड का उपयोग करके भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए आप 'पे विद म्यूचुअल फंड' फीचर से अपनी लिक्विड फंड होल्डिंग्स से UPI भुगतान कर सकते हैं और आवश्यक यूनिट्स को तुरंत रिडीम कर सकते हैं। आइये जानते हैं यह कैसे काम करता है।
फीचर
इस फीचर से मिलती है यह सुविधा
आपके पास लिक्विड म्यूचुअल फंड है और जारीकर्ता पे विद म्यूचुअल फंड सर्विस का सपोर्ट करता है तो भुगतान राशि आपके निवेश से ली जाती है। UPI के माध्यम से फंड तुरंत खाते में आ जाता है। ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और बजाज फिनसर्व AMC ने क्यूरी मनी के साथ साझेदारी में यह सुविधा शुरू की है। यह लिक्विड म्यूचुअल फंड को बैंक खाते में बदल देती है, जिसमें बाजार रिटर्न और UPI भुगतान के लाभ शामिल हैं।
फायदा
इस विकल्प के क्या हैं फायदे?
लिक्विड फंड्स अपनी संरचना के अनुसार अल्पकालिक मुद्रा बाजार उपकरणों में निवेश करते हैं, जो उच्च तरलता प्रदान करते हैं और अक्सर अल्पकालिक नकदी रखने के लिए उपयोग किए जाते हैं। यह सुविधा निवेशकों को पहले पैसा निकालने और बैंक खाते में स्थानांतरित करने की आवश्यकता के बिना सीधे भुगतान करने की अनुमति देती है। बचत खाते (4 फीसदी से कम) की तुलना लिक्विड फंड (7 प्रतिशत) अधिक रिटर्न देते हैं।