ईरान-इजरायल युद्ध से कैसे मुंबई और दिल्ली में महंगा हुआ घर बनाना?
क्या है खबर?
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत के रियल एस्टेट सेक्टर पर भी दिखने लगा है। स्टील की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हो रही है, जिससे बिल्डरों की चिंता बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी कंपनी एनारॉक की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, सप्लाई में दिक्कत और शिपिंग महंगी होने के कारण निर्माण से जुड़ी लागत पर दबाव बढ़ रहा है, जिसका असर सीधे घर बनाने की कीमतों पर पड़ रहा है।
लागत
युद्ध की वजह से बढ़ी घर बनाने की लागत
रिपोर्ट के मुताबिक, स्टील की कीमत करीब 20 प्रतिशत बढ़कर लगभग 72,000 रुपये प्रति टन पहुंच गई है। इसका सीधा असर अब घर बनाने की लागत पर पड़ा है। मुंबई जैसे शहर में कंस्ट्रक्शन की लागत करीब 50 रुपये प्रति वर्ग फुट तक बढ़ गई है। स्टील हाई-राइज इमारतों में ज्यादा इस्तेमाल होता है, इसलिए लग्जरी और ऊंची इमारतों के प्रोजेक्ट्स पर इसका सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है।
असर
दूसरे शहरों में भी दिख रहा असर
यह असर सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं है। दिल्ली-NCR और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी निर्माण लागत बढ़ने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-NCR में लागत 40 से 60 रुपये प्रति वर्ग फुट तक बढ़ सकती है, जबकि बेंगलुरु में 30 से 50 रुपये तक बढ़ने का अनुमान है। खासकर बड़े और आधुनिक डिजाइन वाले प्रोजेक्ट्स पर इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है, जिससे डेवलपर्स की परेशानी बढ़ रही है।
असर
फिलहाल असर सीमित, लेकिन चिंता जारी
विशेषज्ञों का कहना है कि अभी यह असर सीमित है, लेकिन अगर युद्ध लंबे समय तक चलता रहा तो स्थिति और खराब हो सकती है। पहले से ही घरों की बिक्री धीमी चल रही है, ऐसे में बढ़ती लागत बिल्डरों के लिए नई चुनौती बन सकती है। इंडस्ट्री से जुड़े लोग मानते हैं कि आने वाले समय में कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है, इसलिए स्थिति पर नजर बनाए रखना जरूरी है।