EPFO 3.0 के नियम अभी के नियमों से कितने होंगे अलग?
क्या है खबर?
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही EPFO 3.0 शुरू करने जा रहा है। इस नए सिस्टम का उद्देश्य PF सेवाओं को पहले की तुलना में तेज, आसान और अधिक सुविधाजनक बनाना है। इसके तहत सदस्य UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में PF की रकम ट्रांसफर कर सकेंगे। सरकार ने इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी कर ली है और इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इससे पेपरवर्क और लंबा इंतजार काफी कम हो सकता है।
प्रक्रिया
अभी PF निकालने में लगती है लंबी प्रक्रिया
मौजूदा व्यवस्था में PF निकालने के लिए सदस्यों को पहले ऑनलाइन या EPFO कार्यालय के जरिए आवेदन करना पड़ता है। इसके बाद फॉर्म भरना, KYC सत्यापन कराना और कई मामलों में नियोक्ता की मंजूरी का इंतजार करना पड़ता है। अगर दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी हो जाए या जानकारी मेल नहीं खाए, तो प्रक्रिया और लंबी हो सकती है। आमतौर पर पैसे खाते में आने में सात से दस दिन या उससे अधिक समय लग जाता है।
UPI
नए सिस्टम में UPI से सीधे मिलेगा पैसा
EPFO 3.0 के तहत प्रक्रिया काफी आसान होने की उम्मीद है। सदस्य उमंग ऐप पर उपलब्ध PF राशि की जानकारी देख सकेंगे और UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर पाएंगे। इसके लिए QR कोड आधारित सुविधा भी दी जा सकती है। पैसा खाते में पहुंचने के बाद सदस्य उसे अपनी जरूरत के मुताबिक खर्च कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था में नियोक्ता की मंजूरी और लंबी प्रोसेसिंग का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
निकासी
निकासी सीमा भी बढ़ाई गई
नए सिस्टम में ऑटो-सेटलमेंट के जरिए निकासी की सीमा भी बढ़ा दी गई है। पहले यह सीमा एक लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है। EPFO का मानना है कि इससे करोड़ों सदस्यों को आपात जरूरत के समय तेजी से पैसा मिल सकेगा। फिलहाल EPFO लगभग 28 लाख करोड़ रुपये का फंड प्रबंधित करता है और इसके मजबूत सिस्टम तथा सुरक्षित निवेश की वजह से करोड़ों लोग इस पर भरोसा करते हैं।