एंथ्रोपिक में नौकरी पाने के लिए केवल कौशल होना काफी नहीं, CEO ने बताई वजह
क्या है खबर?
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोडेई ने बताया है कि उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी 4 तरह के लोगों को काम पर नहीं रखती, भले ही उनके पास बेहतरीन तकनीकी कौशल क्यों न हों। उनके अनुसार, नौकरी पाने के लिए केवल तकनीकी विशेषज्ञता काफी नहीं है। कंपनी कार्यस्थल पर व्यवहार, टीम वर्क और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को बहुत महत्व देती है। उन्होंने यह बात जेपी मॉर्गन के CEO जेमी डिमोन के साथ एक साक्षात्कार के दौरान कही।
भर्ती नीति
अमोदेई ने बताई भर्ती नीति
बिजनेस इनसाइडर के अनुसार, अमोदेई ने कहा कि एंथ्रोपिक ने तकनीकी रूप से प्रतिभाशाली उन उम्मीदवारों को अस्वीकार करने के मामले में सख्ती बरती है, जो उनके कार्यस्थल की संस्कृति के अनुकूल नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "हमें ऐसे लोग नहीं चाहिए, जो बदतमीज हों। हमें ऐसे लोग नहीं चाहिए, जो सारा ध्यान खुद पर खींचना चाहते हों और दूसरों के साथ मिलकर काम न कर पाते हों। हमें ऐसे लोग नहीं चाहिए जो जनहित के बारे में न सोचते हों।"
फोकस
कौशल और संस्कृति पर रहा फोकस
अमोदेई ने कहा कि एंथ्रोपिक इस मामले में काफी सख्त रही है कि वह बेहद तकनीकी प्रतिभा वाले उन लोगों को भी काम पर नहीं रखती, जो कंपनी के कार्य-संस्कृति में फिट नहीं बैठते।
उन्होंने कहा कि किसी कंपनी के लिए कौशल और संस्कृति सबसे महत्वपूर्ण चीजें हैं।
उन्होंने बताया कि वह अपना 40 से 50 फीसदी समय इन्हीं क्षेत्रों पर ध्यान देने में बिताते हैं। उन्होंने और 6 अन्य सह संस्थापकों ने इसी को प्राथमिकता देने का फैसला किया।