हायर 7,400 करोड़ रुपये की लागत से बना रही नया प्लांट, उत्पादन बढ़ाने की योजना
क्या है खबर?
चीन की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्माता हायर भारत में अपने सबसे बड़े विनिर्माण विस्तार में 7,400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रही है। कंपनी घरेलू बाजार और निर्यात में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए AC, टीवी और वाशिंग मशीन का उत्पादन बढ़ाने की योजना बना रही है। हायर अप्लायंसेज इंडिया के अध्यक्ष एनएस सतीश ने बताया कि कंपनी का लक्ष्य 2028 तक 22,000 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करना है।
रोजगार
कितने लोगों को मिलेगा रोजगार?
सतीश ने मनीकंट्रोल को बताया कि आगामी प्लांट से अकेले पहले चरण में ही लगभग 4,000-5,000 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। हायर पहले चरण में 3,900 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 3,500 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने कहा, "तीसरा प्लांट हमारा सबसे बड़ा निवेश होगा और संभवतः हमारे द्वारा किए जाने वाले सबसे बड़े निवेशों में से एक। हम परियोजना की समय-सीमा पर काम कर रहे हैं, लेकिन पहला चरण 2029 तक चालू हो जाना चाहिए।"
तैयारी
नए प्लांट के लिए जमीन खरीदने की तैयारी
नए प्लांट के लिए दक्षिण और पश्चिम भारत में जमीन खरीदने की प्रक्रिया के अंतिम चरण में है। यह विस्तार ऐसे समय में हो रहा है जब हायर पहले से ही स्थानीय उत्पादन बढ़ा रही है। कंपनी के इंजेक्शन मोल्डिंग और PCB प्लांट में उत्पादन शुरू हो चुका है, वहीं नोएडा स्थित AC फैक्ट्री दिसंबर तक चालू हो जाएगी। हायर मांग से पहले ही उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है और उम्मीद है कि मौजूदा प्लांट 2028 तक पर्याप्त रहेंगे।