बर्कशायर हैथवे के शेयर 14 महीने बाद रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे
बर्कशायर हैथवे के शेयर मई, 2025 के बाद से अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। कंपनी की शानदार दूसरी तिमाही और नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ग्रेग एबेल के बड़े फैसलों का असर साफ दिख रहा है। वॉरेन बफेट से कमान संभालने के बाद एबेल ने कंपनी के बड़े नकद भंडार का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
सुबह के कारोबार में क्लास A शेयर 3.3 फीसदी बढ़कर 8.06 लाख डॉलर (करीब 765 लाख रुपये) पर पहुंच गए और क्लास B शेयर भी 3.1 फीसदी चढ़कर 537.74 डॉलर (करीब 50,000 रुपये) पर आ गए।
कंपनी के नकद बकाया में आई गिरावट
बड़े निवेशों के बाद बर्कशायर का नकद बकाया घटकर 364.7 अरब डॉलर (करीब 35,000 अरब रुपये) पर आ गया है। कंपनी ने अल्फाबेट के शेयरों में 10 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) का निवेश किया और शेयर बायबैक पर 4.5 अरब डॉलर (करीब 400 अरब रुपये) खर्च किए, जिसकी वजह से यह कमी आई है। दूसरी तिमाही में कंपनी का परिचालन मुनाफा 16 फीसदी उछलकर 12.98 अरब डॉलर (करीब 12,00 अरब रुपये) पहुंच गया, वहीं इसकी कुल आय दोगुनी से भी ज्यादा हो गई।
ऐसा मुख्य तौर पर अल्फाबेट और ऐपल के निवेशों से हुए फायदों के कारण हुआ है। पिछले साल के मुकाबले इस तिमाही में राजस्व में 10 फीसदी की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई।
इन मजबूत नतीजों को देखते हुए विश्लेषक बर्कशायर के लिए अपने प्राइस टारगेट बढ़ा रहे हैं। निवेशक ग्रेग एबेल की लीडरशिप में कंपनी के भविष्य को लेकर बेहद उत्साहित दिख रहे हैं।