LOADING...
चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल महंगा होगा? सरकार ने साफ किया अपना रुख
पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल की वोटिंग के बाद रेट बढ़ने की अफवाहें फैल रही थीं

चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल महंगा होगा? सरकार ने साफ किया अपना रुख

Apr 28, 2026
10:03 pm

क्या है खबर?

कच्चे तेल के महंगे होने और चुनाव के बाद पेट्रोल-डीज़ल महंगे होने की चर्चा के बीच सरकार ने साफ कहा है कि अभी कीमत बढ़ाने की कोई तैयारी नहीं है। पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल की वोटिंग के बाद रेट बढ़ने की अफवाहें फैल रही थीं। केंद्र सरकार ने इन्हें गलत बताया और कहा कि फिलहाल तेल के दाम स्थिर हैं। लोगों को भरोसा दिलाया गया है कि अभी किसी तरह की बढ़ोतरी पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।

अफवाह

अफवाह से बढ़ी भीड़, पंपों पर दिखी लंबी लाइनें

कीमत बढ़ने की खबर फैलते ही कई जगह लोगों ने जल्दी-जल्दी पेट्रोल भरवाना शुरू कर दिया। आंध्र प्रदेश में कई पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लग गईं। जानकारी के मुताबिक, करीब 400 से ज्यादा पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया और मांग में 30 से 33 प्रतिशत तक उछाल आया है। सरकार ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सप्लाई को बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

सफाई

सरकार बोली- फ्यूल की कोई कमी नहीं होगी

पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और LPG की पर्याप्त उपलब्धता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे घबराकर खरीदारी न करें और सिर्फ जरूरत के हिसाब से ही फ्यूल लें। केंद्र सरकार का कहना है कि सभी पेट्रोल पंपों पर निगरानी रखी जा रही है और सप्लाई को लगातार बेहतर किया जा रहा है, ताकि किसी भी जगह पर लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Advertisement

राहत

आम लोगों को राहत जारी

दुनियाभर में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है और उन्हें नुकसान भी हो रहा है। इसके बावजूद आम लोगों के लिए भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम लंबे समय से नहीं बढ़े हैं। अप्रैल, 2022 से कीमतें लगभग एक जैसी बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल करीब 94.77 रुपये और डीज़ल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जिससे आम लोगों को अभी राहत मिल रही है।

Advertisement