सरकार ने जारी की सोना-चांदी आयात करने वाले 15 बैंकों की सूची
क्या है खबर?
वाणिज्य मंत्रालय ने सोने और चांदी के आयात के लिए 15 बैंकों को अनुमति दी है। नई अधिसूचना में अधिकृत किए गए बैंकों की सूची जारी की गई है। यह 1 अप्रैल, 2026 से प्रभावी हो गई है और 31 मार्च, 2029 तक वैध रहेगी। इसे वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा जारी किया गया है। अक्षय तृतीया से पहले यह कदम सोने-चांदी की खरीद के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैंक
इन बैंकों को मिली सोना-चांदी लाने की मंजूरी
नई सूची में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सोने और चांदी दोनों के आयात के लिए अनुमोदित 15 बैंक शामिल हैं। इनमें एक्सिस, बैंक ऑफ इंडिया, ड्यूश, फेडरल बैंक, HDFC, इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल बैंक ऑफ चाइना, ICICI, इंडसइंड, इंडियन ओवरसीज बैंक, कोटक महिंद्रा, करूर वैश्य, पंजाब नेशनल, RBL, भारतीय स्टेट बैंक और यस बैंक हैं। इसके अलावा केवल सोने के आयात के लिए केवल 2 बंकों को अधिकृत किया है, जिनमें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और SBER बैंक शामिल हैं।
समाधान
सरकार ने किया बैंकों की समस्या का समाधान
यह कदम रॉयटर्स की उस रिपोर्ट के बाद उठाया गया है, जिसमें सुझाव दिया गया था कि बैंकों द्वारा सरकार के नए प्राधिकरण आदेश की प्रतीक्षा के कारण सोने के आयात में देरी हो रही है। नई सूची अक्षय तृतीया से ठीक पहले सामने आई है, जिसे भारतीय बाजारों में शादियों के सीजन के कारण सोने-चांदी की खरीदारी के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दौरान बिक्री में 15-20 फीसदी तक बढ़ जाती है।