फेडरल रिजर्व सितंबर में नहीं बढ़ाएगा ब्याज दर, गोल्डमैन सैक्स ने बताई वजह
गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि वॉल स्ट्रीट एक बार फिर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर बढ़ाने को लेकर कुछ ज्यादा ही उत्साहित है।
इसके मुख्य अर्थशास्त्री जान हैट्जियस ने इस बात के पीछे कई कारण गिनाए हैं। उनका कहना है कि खुदरा बिक्री कमजोर दिख रही है, नौकरियों का बाजार भी धीमा पड़ रहा है और महंगाई भी लगातार घट रही है।
इन सभी वजहों के चलते उनका मानना है कि सितंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना बहुत ही कम है, बल्कि उनको उम्मीद है कि महंगाई और नीचे आएगी।
ऐसे में बाजार जिस तरह से आगे और ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद कर रहा है, उसे वह बहुत ज्यादा सख्त मानते हैं।
फेड की ब्याज दर बढ़ोतरी जनवरी तक टाला
ट्रेडर्स ने अब फेड की अगली ब्याज दर बढ़ोतरी की अपनी उम्मीदें दिसंबर से जनवरी तक खिसका दी हैं। कमजोर होते आर्थिक आंकड़ों और महंगाई में गिरावट के चलते कई बाजार जानकारों का मानना है कि इस साल अब ब्याज दरों में कोई और बढ़ोतरी नहीं होगी।
इस वजह से हाल के दिनों में अमेरिका के ट्रेजरी बॉन्ड्स ज्यादा लुभावने हो गए हैं। हालांकि, सरकारी उधार की बढ़ती जरूरतों के कारण लंबी अवधि के बॉन्ड्स पर मिलने वाला ब्याज अभी भी ऊंचा बना हुआ है।
गोल्डमैन का यह भी मानना है कि जैसे-जैसे महंगाई कम होगी और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदें कम होंगी, वैसे-वैसे यील्ड कर्व में और ज्यादा झुकाव देखने को मिलेगा।