LOADING...
सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानिए क्या है इसकी वजह
कच्चे तेल के दाम बढ़ने का असर सोना-चांदी के भाव पर पड़ा है

सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानिए क्या है इसकी वजह

May 18, 2026
10:23 am

क्या है खबर?

भारतीय बाजार में सोमवार (18 मई) की सुबह मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट आई। सुबह लगभग 9:05 बजे जून के लिए सोना का वायदा भाव 0.43 फीसदी गिरकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि जुलाई के लिए चांदी का वायदा भाव 1.24 फीसदी गिरकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। यह गिरावट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण मुद्रास्फीति की चिंता बढ़ने के कारण आई है।

कारण 

इस कारण कीमतों में आई गिरावट

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने डॉलर की मांग बढ़ा दी, जिससे डॉलर सूचकांक में 0.1 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई। मजबूत डॉलर के कारण अन्य मुद्राओं में खरीदारों के लिए सोना महंगा हो जाता है, जिससे इसकी मांग पर दबाव पड़ता है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में परमाणु ऊर्जा प्लांट के पास ड्रोन हमले के बाद ब्रेंट क्रूड में 2 फीसदी का उछाल आया, जिससे यह 111 डॉलर (करीब 10,000 रुपये) प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया।

सरकार 

खरीद पर लगाम लगाने का प्रयास  

इससे पहले, 13 मई को केंद्र सरकार ने सोना-चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया था। 3 प्रतिशत एकीकृत वस्तु एवं सेवा कर (IGST) सहित कुल प्रभावी शुल्क अब 18 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इस कदम का उद्देश्य सोने-चांदी के गैर-जरूरी आयात को रोककर विदेशी मुद्रा के विदेशों में जाने को कम करना था। साथ ही सरकार ने लोगों से भी एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील भी की है।

Advertisement