जल्द गिग वर्कर्स और फ्रीलांसर भी जोड़ सकेंगे PF, क्या है EPFO की नई योजना?
क्या है खबर?
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक नई भविष्य निधि (PF) योजना पर काम कर रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के अनुसार, इस योजना का मकसद स्वरोजगार करने वाले लोगों, गिग वर्कर्स, असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को भी भविष्य निधि का लाभ देना है। इसके तहत लोग अपनी इच्छा से अपनी आय का कुछ हिस्सा रिटायरमेंट के लिए जमा कर सकेंगे। हालांकि, सरकार और EPFO ने अभी इस योजना की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
लाभ
जमा करने का तरीका और टैक्स लाभ
रिपोर्ट के अनुसार, EPFO की इस योजना में सदस्य अपनी सुविधा के अनुसार रोजाना, मासिक या सालाना आधार पर पैसा जमा कर सकेंगे।
जमा राशि पर हर साल ब्याज मिलेगा और मौजूदा EPF की तरह कुछ टैक्स छूट मिलने की भी संभावना बताई गई है।
हालांकि, इन सुविधाओं को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। योजना लागू होने पर इसके नियम और शर्तें अलग से जारी की जाएंगी।
विकल्प
रिटायरमेंट के बाद भी रहेगा पैसा निकालने का विकल्प
प्रस्ताव के अनुसार, रिटायरमेंट के बाद पूरी रकम एक साथ निकालना जरूरी नहीं होगा।
सदस्य चाहें तो अपनी बचत EPFO में ही रख सकेंगे और जरूरत के अनुसार समय-समय पर किस्तों में पैसा निकाल सकेंगे। इससे नियमित आय का विकल्प मिल सकता है।
TOI की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भविष्य में यह सुविधा मौजूदा EPF खाताधारकों को भी दिए जाने पर विचार किया जा रहा है।
चर्चा
अभी चर्चा जारी
यह योजना शुरुआती चरण में है और इस पर चर्चा चल रही है।
बेहतर व्यवस्था तैयार करने के लिए दूसरे देशों के रिटायरमेंट मॉडल का भी अध्ययन किया जा रहा है। बताया गया है कि इस योजना के लिए जरूरी डिजिटल व्यवस्था तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
अगर सरकार से मंजूरी मिलती है, तो लाखों फ्रीलांसर, कंसल्टेंट और गिग वर्कर्स पहली बार औपचारिक भविष्य निधि व्यवस्था से जुड़ सकेंगे।