Loading...
पहली तिमाही की GDP दर 7.8 फीसदी रही, प्रधानमंत्री ने बताया असाधारण उपलब्धि
भारत की पहली तिमाही की GDP विकास दर शानदार रही है

पहली तिमाही की GDP दर 7.8 फीसदी रही, प्रधानमंत्री ने बताया असाधारण उपलब्धि

Aug 31, 2026
06:38 pm

क्या है खबर?

वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 7.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। यह लगभग 7.5 फीसदी के अनुमान से बेहतर है। यह दिखाता है कि वैश्विक अनिश्चितताओं, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मुश्किल ट्रेड माहौल के बावजूद अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। सोमवार को सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा जारी आंकड़ों से पता चला कि तिमाही में नॉमिनल GDP ग्रोथ 10.3 फीसदी रही।

आंकड़े 

ऐसे रहे वृद्धि के आंकड़े 

आंकड़ों के अनुसार, स्थिर कीमतों पर वास्तविक GDP 81.36 लाख करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 75.46 लाख करोड़ रुपये थी।

आउटपुट के नजरिए से देखें तो वास्तविक GVA 8.2 फीसदी बढ़कर 73.82 लाख करोड़ रुपये और नॉमिनल GVA 11.5 फीसदी बढ़कर 80.53 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

उम्मीद से बेहतर ये आंकड़े बताते हैं कि चुनौतियों के बावजूद नए वित्त वर्ष की शुरुआत में भारत की विकास की गति मजबूत बनी रही।

प्रतिक्रिया 

आंकड़ाें पर प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8 फीसदी की शानदार GDP ग्रोथ एक बहुत बड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा, "हमारे लोगों की सामूहिक ताकत ने यह सुनिश्चित किया कि ग्लोबल अनिश्चितताओं के बीच तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और सप्लाई चेन की दिक्कतों के बावजूद भारत ने ऐसी ग्रोथ हासिल की। निराशावादी गलत साबित हुए और भारत ने एक बार फिर कामयाबी की नई ऊंचाई छुई।"

ADVERTISEMENT