गेमस्टॉप ने ईबे को खरीदने के लिए 5,270 अरब रुपये का दिया प्रस्ताव
क्या है खबर?
वीडियो गेम रिटेलर गेमस्टॉप ने ई-कॉमर्स कंपनी ईबे को करीब 55.5 अरब डॉलर (लगभग 5,270 अरब रुपये) में खरीदने का प्रस्ताव दिया है। इस डील में ईबे के शेयर की कीमत 125 डॉलर तय की गई है, जो मौजूदा कीमत से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने पहले ही ईबे में करीब 5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है। यह प्रस्ताव बाजार में काफी चर्चा में है और इसे एक बड़ा कॉर्पोरेट कदम माना जा रहा है।
फंडिंग
डील के लिए फंडिंग और योजना तैयार
गेमस्टॉप ने बताया कि इस डील को कैश और अपने शेयरों के मिश्रण से पूरा किया जाएगा। कंपनी को TD बैंक से करीब 20 अरब डॉलर (लगभग 1,900 अरब रुपये) की फाइनेंसिंग का भरोसा भी मिला है। यह डील खास इसलिए भी है, क्योंकि गेमस्टॉप खुद ईबे से काफी छोटी कंपनी है। जहां गेमस्टॉप की वैल्यू करीब 11.9 अरब डॉलर है, वहीं ईबे का मार्केट कैप करीब 46 अरब डॉलर है, जिससे यह प्रस्ताव काफी बड़ा माना जा रहा है।
योजना
खर्च कम कर मुनाफा बढ़ाने की योजना
गेमस्टॉप के मुख्य कार्यकरी अधिकारी (CEO) रायन कोहेन ने कहा कि डील के बाद एक साल में करीब 190 अरब डॉलर की लागत घटाई जाएगी। इसमें मार्केटिंग, एडमिन और प्रोडक्ट डेवलपमेंट खर्च में कटौती शामिल है। कंपनी का मानना है कि इन कदमों से ईबे की प्रति शेयर कमाई तेजी से बढ़ सकती है। कोहेन ने यह भी कहा कि वह बिना सैलरी के काम करेंगे और केवल कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर कमाई लेंगे।
रणनीति
भविष्य की रणनीति और विस्तार पर फोकस
कोहेन का कहना है कि गेमस्टॉप और ईबे को मिलाकर एक बिलकुल नया और मजबूत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म बनाया जा सकता है। इन दोनों कंपनियों के बीच कलेक्टिबल्स जैसे प्रोडक्ट्स में पहले से समानता है। कंपनी फिजिकल स्टोर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को जोड़ने की योजना बना रही है। इसके साथ ही, लाइव कॉमर्स जैसे नए तरीकों पर भी काम होगा, जिससे यह प्लेटफॉर्म अमेजन जैसे बड़े खिलाड़ियों को टक्कर दे सकता है।