Loading...
टेक कंपनियों की निवेश में 24 प्रतिशत की गिरावट, 12 महीने के निचले स्तर पर पहुंची
भारतीय टेक कंपनियों की फंडिंग में 24 प्रतिशत की गिरावट

टेक कंपनियों की निवेश में 24 प्रतिशत की गिरावट, 12 महीने के निचले स्तर पर पहुंची

Nov 04, 2026
05:23 pm

क्या है खबर?

भारतीय टेक कंपनियों के लिए अक्टूबर निवेश के मामले में अच्छा नहीं रहा है। इस दौरान कंपनियां कुल 59.25 करोड़ डॉलर (लगभग 5,600 करोड़ रुपये) ही जुटा सकीं। सितंबर में यह आंकड़ा 78.28 करोड़ डॉलर था। एक महीने के भीतर निवेश में 24.3 प्रतिशत की कमी आई है। ट्रैक्सन के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 12 महीनों में किसी भी महीने इतनी कम रकम नहीं जुटाई गई थी। पिछले साल अक्टूबर की तुलना में भी फंडिंग 56 प्रतिशत कम रही।

गिरावट

बड़ी कंपनियों के निवेश में आई गिरावट

अक्टूबर में सबसे ज्यादा गिरावट उन कंपनियों के निवेश में देखने को मिली, जो कारोबार के बड़े स्तर पर पहुंच चुकी हैं।

इस श्रेणी में कंपनियों को केवल 15.3 करोड़ डॉलर मिले, जबकि सितंबर में यह रकम 53.98 करोड़ डॉलर थी। दूसरी ओर, शुरुआती चरण की कंपनियों के लिए निवेश बढ़ा है।

उन्हें अक्टूबर में 36.16 करोड़ डॉलर मिले, जो सितंबर के मुकाबले 114 प्रतिशत अधिक हैं। कुल निवेश का 61 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं कंपनियों को मिला है।

बड़ा निवेश

इवन और myTVS को मिला बड़ा निवेश

अक्टूबर में निवेश जुटाने वाली कंपनियों में हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी इवन सबसे आगे रही।

बेंगलुरु की इस कंपनी ने खोसला वेंचर्स के नेतृत्व में 5 करोड़ डॉलर जुटाए। वाहन सेवा से जुड़ी myTVS को 4.41 करोड़ डॉलर और फिटनेस ब्रांड बोल्डफिट को 4.15 करोड़ डॉलर मिले।

हेल्थकेयर क्षेत्र की कंपनी बाबा ने 4 करोड़ डॉलर जुटाए। वहीं, ग्रीनसेल मोबिलिटी को 3.45 करोड़ डॉलर का निवेश मिला। इसके अलावा, कई अन्य कंपनियों को भी फंडिंग मिली है।

ADVERTISEMENT

अधिग्रहण

लिस्टिंग बढ़ी, अधिग्रहण की संख्या में बदलाव नहीं

अक्टूबर में 12 टेक कंपनियों ने शेयर बाजार में कदम रखा। सितंबर में 5 और पिछले साल अक्टूबर में 9 कंपनियां सूचीबद्ध हुई थीं।

इस महीने जेटवर्क, टोनबो इमेजिंग और SMT भी बाजार में उतरीं। हालांकि, कंपनियों की खरीद-बिक्री के मामले में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। अक्टूबर में 6 अधिग्रहण हुए, जो सितंबर के बराबर हैं।

इनमें सबसे बड़ी डील एटलसक्लियर की रही, जिसने ARK फाइनेंशियल सर्विसेज को 2.45 करोड़ डॉलर में खरीदा है।

ADVERTISEMENT