Loading...
बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी, पानी के नमूने में क्या मिलीं खामियां?
बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी

बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी, पानी के नमूने में क्या मिलीं खामियां?

Nov 23, 2026
10:04 am

क्या है खबर?

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के पैकेटबंद पीने के पानी का एक नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया था। नियामक ने खाद्य सुरक्षा कानून 2006 के तहत यह कार्रवाई की है। हालांकि, FSSAI ने अभी यह नहीं बताया है कि बिसलेरी के किस ब्रांड या किस प्रकार के पानी के नमूने में गड़बड़ी मिली थी।

खामियां

पानी के नमूने में क्या मिलीं खामियां?

FSSAI ने बिसलेरी के परिसर से पैकेटबंद पीने के पानी का नमूना लेकर जांच कराई थी।

इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई, जिसके बाद इसे असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील पर नमूने को दोबारा जांच के लिए दूसरी प्रयोगशाला भेजा गया। वहां जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) भी मिला।

इसके बाद प्रयोगशाला ने भी नमूने को असुरक्षित बताया और नियामक ने मुकदमे की मंजूरी दे दी है।

खतरा

ब्रोमेट और PAH से सेहत को क्या खतरा?

ब्रोमेट को अंतरराष्ट्रीय कैंसर अनुसंधान एजेंसी और अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी संभावित रूप से कैंसर पैदा करने वाला पदार्थ मानती हैं।

वहीं, पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) रसायनों का एक समूह है, जिसके कुछ तत्व कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं। इन पदार्थों की मौजूदगी को लेकर खाद्य सुरक्षा नियामक ने पानी के नमूने को असुरक्षित माना है।

हालांकि, किसी एक नमूने में इनकी मौजूदगी से सभी बिसलेरी उत्पादों के असुरक्षित होने का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।

ADVERTISEMENT

अन्य मुकदमे

4 अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमे की मंजूरी

बिसलेरी के अलावा FSSAI ने वसंत मसाला, टिट-बिट फूड्स इंडिया, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।

जांच में वसंत मसाला के मिर्च पाउडर में कीटनाशक की मात्रा अधिक मिली थी। टिट-बिट के मिर्च पाउडर और हल्दी में भी तय मानकों से ज्यादा पदार्थ पाए गए।

मीमांसा के अखरोट की गिरी और आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट वाली कुकीज भी गुणवत्ता जांच में असुरक्षित पाई गई थीं।

ADVERTISEMENT

लाइसेंस निलंबित

2 कंपनियों के लाइसेंस निलंबित

FSSAI ने खराब साफ-सफाई और दोबारा पैकिंग में गड़बड़ियों के कारण उर्मी लाइफसाइंसेज और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

इसके अलावा, आशा कन्फेक्शनरी को अपनी पहले से पैक चॉकलेट वाली कुकीज बाजार से वापस लेने का आदेश दिया गया है।

खाद्य नियामक ने हाल के समय में खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ऑनलाइन बिक्री करने वाले मंचों के खिलाफ जांच और कार्रवाई तेज की है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें पोस्ट

ADVERTISEMENT