विदेशी मुद्रा भंडार सर्वकालिक उच्च स्तर पहुंचा, 65,000 अरब रुपये हुआ
क्या है खबर?
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 723.77 अरब डॉलर (करीब 65,000 अरब रुपये) के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अनुसार, 30 जनवरी को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान इसमें 14.36 अरब डॉलर (करीब 1,250 अरब रुपये) की वृद्धि हुई है। यह वृद्धि पिछले रिपोर्टिंग सप्ताह में हुई 8.05 अरब डॉलर (करीब 720 अरब रुपये) की वृद्धि के बाद हुई है, जब मुद्रा भंडार 709.41 अरब डॉलर (करीब 63,800 अरब रुपये) तक पहुंच गया था।
सोने का भंडार
सोने के भंडार में भी हुआ इजाफा
RBI ने बताया कि 30 जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान सोने के भंडार में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। यह 14.59 अरब डॉलर (करीब 1,310 अरब रुपये) बढ़कर 137.68 अरब डॉलर (करीब 12,300 अरब रुपये) हो गया। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सप्ताह के दौरान भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (FCAs) 49.30 करोड़ डॉलर (करीब 4,430 करोड़ रुपये) घटकर 562.39 अरब डॉलर (करीब 50,580 अरब रुपये) रह गईं।
SDR
SDR में भी हुई बढ़ोतरी
आंकड़ों से यह भी पता चला कि विशेष आहरण अधिकार (SDRs) में वृद्धि हुई है, जो समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 21.60 करोड़ डॉलर (करीब 1,940 करोड़ रुपये) बढ़कर 18.95 अरब डॉलर (करीब 1,705 अरब रुपये) हो गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के साथ भारत की आरक्षित स्थिति में भी 4.4 करोड़ डॉलर (करीब 395 करोड़ रुपये) की वृद्धि हुई, जिससे यह इस रिपोर्टिंग अवधि में 4.74 अरब डॉलर (करीब 425 अरब रुपये) हो गई।