5 बड़े निजी बैंक कर रहे 285 अरब रुपये का कर्जा जुटाने की तैयारी
देश के 5 बड़े निजी बैंक- HDFC बैंक, कोटक महिंद्रा, यस बैंक, फेडरल बैंक और RBL बैंक 3 अरब डॉलर (करीब 285 अरब रुपये) तक की रकम जुटाने की तैयारी कर रहे हैं।
ये बैंक अमेरिकी डॉलर में कर्ज लेकर यह पैसा जुटाना चाहते हैं। यह कदम भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की एक विशेष योजना का हिस्सा है, जिससे बैंकों को विदेशी स्रोतों से कर्ज लेना सस्ता पड़ता है। यह सुविधा 31 दिसंबर तक खुली रहेगी।
HDFC बैंक कर रहा 90 अरब रुपये जुटाने पर बातचीत
HDFC बैंक ने विदेशी वित्तीय संस्थानों से बातचीत शुरू कर दी है और उम्मीद है कि वह जल्द ही लगभग एक अरब डॉलर (करीब 90 अरब रुपये) जुटा लेगा। यह राशि जून में 75 करोड़ डॉलर (करीब 7,100 करोड़ रुपये) की बॉन्ड बिक्री के कुछ ही महीनों बाद जुटाई जा रही है।
बाकी के 4 बैंक भी इस रास्ते पर विचार कर रहे हैं। वे हर बैंक के लिए 25 से 50 करोड़ डॉलर (करीब 2,350-4,700 करोड़ रुपये) के बीच की रकम जुटाने पर सोच रहे हैं।
हालांकि, वे अभी इसकी बारीकियों पर काम कर रहे हैं क्योंकि ये बैंक आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर में कर्ज नहीं लेते।