वेदांता पावर प्लांट हादसा: अध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत 8 के खिलाफ FIR दर्ज
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता के पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद गुरुवार को पुलिस ने अध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत 8 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है। बता दें कि 14 अप्रैल को प्लांट में हुए हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 घायल मजदूरों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
आरोप
इन धाराओं में दर्ज किया मामला
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि पावर प्लांट हादसे में वेदांता समूह के अध्यक्ष, प्लांट के प्रमुख देवेंद्र पटेल समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। सभी आरोपितों पर BNS की धारा 106(1), 289, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच जारी है और इस दौरान और लोग भी जिम्मेदार पाए जाते हैं तो उनके नाम भी प्राथमिकी में शामिल किए जाएंगे।
जांच
जांच के लिए कई रिपोर्ट्स का इंतजार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिंघीतराई गांव स्थित बिजली प्लांट में धमाका हुआ था, जब बॉयलर से टर्बाइन तक उच्च दाब युक्त भाप ले जाने वाला स्टील का पाइप फट गया था, जिससे कई मजदूर बुरी तरह से झुलस गए थे। इस घटना में 20 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस को जांच के लिए कई रिपोर्ट का इंतजार है, जिनमें मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट शामिल हैं।