इटरनल ने जारी किए तिमाही नतीजे, मुनाफा 92 प्रतिशत बढ़कर 125 करोड़ रुपये हुआ
क्या है खबर?
जोमैटो और ब्लिंकिट की मूल कंपनी इटरनल लिमिटेड ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछले साल के मुकाबले 92 प्रतिशत बढ़कर 125 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 65 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। इससे पहले जून में खत्म हुई तिमाही में कंपनी का मुनाफा 92 करोड़ रुपये रहा था। नए आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के कारोबार में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कमाई
कंपनी की कमाई बढ़कर 24,138 करोड़ रुपये हुई
इटरनल की कमाई में भी बढ़ोतरी हुई है। सितंबर में खत्म हुई तिमाही के दौरान कंपनी को कारोबार से 24,138 करोड़ रुपये की आय हुई।
पिछले साल इसी तिमाही में यह रकम 13,590 करोड़ रुपये थी। वहीं, जून में खत्म हुई पिछली तिमाही में कंपनी की आय 20,211 करोड़ रुपये रही थी।
कंपनी ने बताया कि ब्लिंकिट के कारोबार में हुए बदलाव को ध्यान में रखकर देखें, तो सालाना आधार पर आय में 58 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
खर्च
कंपनी का कुल खर्च भी बढ़ा
कमाई बढ़ने के साथ इटरनल का खर्च भी बढ़ गया।
सितंबर तिमाही में कंपनी ने कुल 24,166 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह रकम 13,813 करोड़ रुपये थी। इस तरह कंपनी का खर्च सालाना आधार पर 75 प्रतिशत बढ़ा। जून तिमाही में कुल खर्च 20,314 करोड़ रुपये रहा था।
वहीं, ब्याज और टैक्स जैसे खर्चों से पहले कंपनी की समायोजित कमाई बढ़कर 666 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल से 197 प्रतिशत ज्यादा है।
अन्य
दूसरे कारोबारों की आय बढ़ी
इटरनल के बिस्ट्रो और नगेट जैसे दूसरे कारोबारों से होने वाली आय भी बढ़ी है।
इन कारोबारों की समायोजित आय पिछली तिमाही के 95 करोड़ रुपये से बढ़कर 132 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, इन कारोबारों का घाटा 94 करोड़ रुपये से घटकर 91 करोड़ रुपये रह गया।
दूसरी ओर, कंपनी के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। 21 अक्टूबर को इटरनल का शेयर 3.5 प्रतिशत गिरकर 308.8 रुपये पर बंद हुआ।