Loading...
EPFO जल्द शुरू कर सकता है UPI से PF निकालने की सुविधा
जल्द शुरू होगी UPI से PF निकालने की सुविधा

EPFO जल्द शुरू कर सकता है UPI से PF निकालने की सुविधा

Nov 23, 2026
04:46 pm

क्या है खबर?

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्य जल्द ही UPI के जरिए अपना PF का पैसा निकाल सकेंगे। द फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुविधा को शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है और दिसंबर के आखिर तक इसे लागू किया जा सकता है। इसके तहत सदस्य BHIM ऐप की मदद से अपना निकालने योग्य बैलेंस देख सकेंगे और पात्र रकम सीधे बैंक अकाउंट में मंगा सकेंगे और अकाउंट में बची रकम की जानकारी भी मिलेगी।

सुविधा

सभी परीक्षण पूरे, UAN और बैंक अकाउंट से जुड़ेगी सुविधा

रिपोर्ट के अनुसार, UPI से PF निकालने की सुविधा के सभी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और इस दौरान सामने आई तकनीकी दिक्कतों को भी दूर कर लिया गया है।

यह सुविधा सदस्य के यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) और UPI अकाउंट से जुड़ी होगी। इसका इस्तेमाल केवल उन्हीं बैंक अकाउंट के लिए किया जा सकेगा, जो EPFO में सत्यापित हैं और सदस्य के अकाउंट से जुड़े हुए हैं।

यह बदलाव EPFO 3.0 योजना का हिस्सा होगा।

संभावना

PF की 75 से 90 फीसदी तक रकम निकालने की संभावना

रिपोर्ट में बताया गया है कि सदस्य अपने पात्र PF बैलेंस का 75 फीसदी तक निकाल सकेंगे, लेकिन इसकी आधिकारिक सीमा अभी घोषित नहीं हुई है।

EPFO ने हाल ही में अकाउंट में जरूरी न्यूनतम राशि 25 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके लागू होने पर सदस्य अपनी पात्र बचत का 90 फीसदी तक निकाल सकेंगे।

फिलहाल पढ़ाई और शादी जैसे कामों के लिए आंशिक निकासी की सुविधा भी उपलब्ध है।

ADVERTISEMENT

अन्य

EPFO 3.0 से दावे निपटाने और सेवाओं में आएगी तेजी

EPFO 3.0 का मकसद भविष्य निधि से जुड़ी सेवाओं को आसान और तेज बनाना है।

इसके तहत कागजी कार्रवाई कम करने, निकासी के दावों का निपटारा जल्दी करने और सदस्यों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सुविधाएं देने की योजना है। संगठन ने पढ़ाई और शादी के लिए निकासी की तय संख्या भी बढ़ाई है।

न्यूनतम नौकरी की अवधि 12 महीने रखी गई है, जबकि पात्र अग्रिम दावों के लिए स्वतः निपटान की सीमा पांच लाख रुपये तय की गई है।

ADVERTISEMENT