Page Loader
कर्मचारियों के PF पर EPFO ने 8.25 प्रतिशत ब्याज की तय 
कर्मचारियों के PF पर 8.25 प्रतिशत ब्याज हुई तय

कर्मचारियों के PF पर EPFO ने 8.25 प्रतिशत ब्याज की तय 

Feb 28, 2025
06:09 pm

क्या है खबर?

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 2024-25 के लिए भविष्य निधि जमा पर ब्याज दर 8.25 प्रतिशत तय की है। यह दर पिछले साल भी इतनी ही थी, जिससे कई कर्मचारियों को उम्मीद के मुताबिक फायदा नहीं मिलेगा। महंगाई बढ़ने और आर्थिक स्थिति में बदलाव के कारण लोग ब्याज दर में वृद्धि की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन EPFO ने इसे पहले जैसा ही रखा है। अब इस प्रस्ताव को वित्त मंत्रालय की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

 ब्याज 

पहले EPF पर मिलता था ज्यादा ब्याज 

कुछ साल पहले EPF पर ब्याज दर ज्यादा थी, लेकिन अब धीरे-धीरे इसमें गिरावट आई है। 2015-16 में ब्याज दर 8.8 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 8.25 प्रतिशत रह गई है। 2021-22 में यह 8.1 प्रतिशत तक गिर गई थी, जो 40 साल में सबसे कम थी। 2020-21 में यह दर 8.5 प्रतिशत थी, लेकिन इसके बाद इसे लगातार कम किया गया। कोविड महामारी के दौरान भी ब्याज दर घटाकर 8.5 प्रतिशत कर दी गई थी।

 फैसले 

EPFO की बैठक में कई फैसले हुए

इस बैठक में केवल ब्याज दर पर ही नहीं, बल्कि कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। EPF पेंशन योजना में सुधार और कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना (EDLI) से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, उच्च PF पेंशन योजना के कार्यान्वयन पर भी चर्चा हुई। ब्याज दर में बढ़ोतरी न होने से कुछ लोगों को निराशा हो सकती है, लेकिन EPFO स्थिर रिटर्न देने की कोशिश कर रहा है।