EPFO ने बदले निकासी के नियम, अब निकाल सकेंगे PF का 90 प्रतिशत रकम
क्या है खबर?
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने PF से पैसे निकालने के नियमों में बदलाव को मंजूरी दी है। इसके तहत पात्र खाताधारक अब अपने PF अकाउंट में जमा रकम का 90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे। पहले अकाउंट में कम से कम 25 प्रतिशत रकम बचाकर रखना जरूरी था, जिसे अब घटाकर 10 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा, नौकरी छूटने के बाद PF की पूरी रकम निकालने के लिए इंतजार भी कम किया गया है।
#1
मेडिकल और पढ़ाई समेत इन कामों के लिए निकाल सकेंगे पैसा
नए नियमों के तहत कर्मचारी जरूरी खर्चों के लिए PF की आंशिक निकासी कर सकते हैं।
इनमें खुद या परिवार के सदस्यों का इलाज, बच्चों की पढ़ाई और शादी जैसे खर्च शामिल हैं। इसके अलावा घर या जमीन खरीदने, मकान बनाने, होम लोन चुकाने और पुराने घर की मरम्मत के लिए भी रकम निकाली जा सकती है।
हालांकि, हर तरह की निकासी के लिए EPFO की तय शर्तें और पात्रता लागू रहेंगी।
#2
नौकरी छूटने पर 2 महीने बाद कर सकेंगे निकासी
EPFO ने नौकरी जाने के बाद PF की पूरी रकम निकालने के लिए इंतजार की अवधि भी घटा दी है।
पहले अक्टूबर, 2025 में इस अवधि को बढ़ाकर 12 महीने कर दिया गया था। अब इसे फिर से घटाकर 2 महीने करने की मंजूरी दी गई है। यानी नौकरी छूटने के बाद कर्मचारी 2 महीने बेरोजगार रहने पर अंतिम PF निपटान के लिए दावा कर सकेंगे।
इससे नौकरी जाने की स्थिति में आर्थिक मदद मिल सकेगी।
#3
रिटायरमेंट के बाद किस्तों में भी मिलेगा PF का पैसा
केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को भी मंजूरी दी है।
इसके तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी PF की पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय नियमित किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे। वे चाहें तो कुछ रकम शुरुआत में निकालकर बाकी पैसा अकाउंट में रख सकते हैं।
बची हुई रकम पर PF की मौजूदा ब्याज दर के अनुसार ब्याज मिलता रहेगा। सदस्य की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति बची रकम लेने या किस्तें जारी रखने का विकल्प चुन सकेगा।