LOADING...
EPFO ने किया 8.25 फीसदी ब्याज दर का ऐलान, लगातार तीसरे साल अपरिवर्तित
सरकार ने EPF पर 8.25 फीसदी ब्याज दर को बरकरार रखा है

EPFO ने किया 8.25 फीसदी ब्याज दर का ऐलान, लगातार तीसरे साल अपरिवर्तित

Mar 02, 2026
04:42 pm

क्या है खबर?

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने सोमवार को 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) जमा पर ब्याज दर 8.25 फीसदी को अपरिवर्तित रखा है। लगातार तीसरे साल यही दर बरकरार रखी है। यह निर्णय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में EPFO की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था, केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की 239वीं बैठक में लिया गया। पिछले साल फरवरी में कर्मचारी संगठन ने 2024-25 के लिए 8.25 फीसदी की ब्याज दर को बरकरार रखा था।

बदलाव 

कब-कब हुआ ब्याज दर में बदलाव?

इससे पहले वित्तीय वर्ष 2023-24 में सेवानिवृत्ति निधि निकाय ने ब्याज दर को 2022-23 की 8.15 फीसदी से बढ़ाकर 8.25 फीसदी कर दिया था। मार्च, 2022 में EPFO ने 2021-22 के लिए ब्याज दर को घटाकर 4 दशकों से भी अधिक के निचले स्तर 8.10 फीसदी पर ला दिया था, जो 2020-21 में 8.5 फीसदी थी। इससे पहले मार्च, 2020 में 2019-20 के लिए ब्याज दर को 2018-19 की 8.65 फीसदी से घटाकर 8.5 फीसदी कर दिया गया था।

अनुमोदन 

वित्त मंत्रालय से मंजूरी के बाद होगी लागू

ब्याज दर को अपरिवर्तित रखने का निर्णय ऐसे समय में आया है, जब 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव होने जा रहे हैं। EPFO के निवेश पर मिलने वाला रिटर्न सरकारी प्रतिभूतियों और इक्विटी पर मिलने वाले रिटर्न से जुड़ा हुआ है। ब्याज दर को अपरिवर्तित रखने का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि, वित्तीय बाजारों में अस्थिरता की आशंका थी। CBT द्वारा अनुमोदित ब्याज दर अब वित्त मंत्रालय को सहमति के लिए भेजी जाएगी।

Advertisement