एलन मस्क का बड़ा दांव, स्पेस-X 5,700 अरब रुपये में खरीदेगी AI कोडिंग कंपनी कर्सर
क्या है खबर?
एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X ने AI कोडिंग एजेंट कर्सर बनाने वाली कंपनी एनीस्फीयर को खरीदने का ऐलान किया है। कंपनी का कहना है कि 60 अरब डॉलर (लगभग 5,700 अरब रुपये) के इस अधिग्रहण का मकसद एंटरप्राइज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना है। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब स्पेस-X ने हाल ही में शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की है और उसकी लगभग 190 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है।
सौदा
कब तक पूरा होगा सौदा?
स्पेस-X ने बताया कि इस सौदे को 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरा करने की योजना है। कंपनी कई महीनों से कर्सर पर नजर रखे हुए थी। अप्रैल में स्पेस-X ने कहा था कि उसके पास कंपनी को 60 अरब डॉलर में खरीदने या 10 अरब डॉलर की नई साझेदारी करने का विकल्प मौजूद है। सिलिकॉन वैली की यह कंपनी AI की मदद से कोडिंग को आसान और तेज बनाने वाले टूल विकसित करने के लिए जानी जाती है।
कारोबार
तेजी से बढ़ा है कर्सर का कारोबार
साल 2022 में शुरू हुई कर्सर ने बहुत कम समय में तेजी से विस्तार किया है। कंपनी के साझा आंकड़ों के मुताबिक, उसके बिजनेस-टू-बिजनेस राजस्व और एंटरप्राइज बिक्री में करीब 2.6 अरब डॉलर की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। OpenAI और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों के साथ कर्सर भी उन स्टार्टअप्स में शामिल है, जिन्होंने AI आधारित कोडिंग टूल के जरिए बड़ी संख्या में डेवलपर्स को आकर्षित किया है और तेजी से व्यावसायिक सफलता हासिल की है।
मजबूती
xAI को मिल सकती है बड़ी मजबूती
यह सौदा मस्क की AI कंपनी xAI के लिए अहम माना जा रहा है, जिसका इस साल फरवरी में स्पेस-X के साथ विलय हुआ था। इस अधिग्रहण से xAI को AI कोडिंग बाजार में मजबूत पकड़ बनाने में मदद मिल सकती है, जहां वह अभी अपने प्रतिस्पर्धियों से पीछे मानी जाती है। कर्सर को AI मॉडल विकसित करने के लिए ज्यादा कंप्यूटिंग क्षमता और संसाधन भी उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे दोनों कंपनियों को भविष्य में फायदा मिलने की उम्मीद है।