एलन मस्क की स्पेस-X ने AI चिप खरीदने के लिए जुटाए करीब 3,800 अरब रुपये
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X डाटा सेंटर बनाने के लिए बड़े स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप खरीदने जा रही है। इसके लिए कंपनी ने 40 अरब डॉलर (लगभग 3,800 अरब रुपये) के कर्ज की व्यवस्था की है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि स्पेस-X के पास स्टारलिंक और रॉकेट लॉन्च से कमाई के दूसरे साधन हैं, जिनकी मदद से कंपनी इन चिप्स का भुगतान कर सकती है।
एनवीडिया चिप्स
एनवीडिया से खरीदी जाएंगी AI चिप्स
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेस-X ने एनवीडिया की ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) खरीदने के लिए कर्ज जुटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
यह वित्तीय सौदा कंपनी की बैलेंस शीट से अलग रखा जाएगा। मस्क ने कहा कि स्पेस-X की स्थिति उन कंपनियों से अलग है, जिनकी कमाई मुख्य रूप से AI डाटा सेंटर पर निर्भर है।
उन्होंने आशंका जताई कि भारी कर्ज और मांग में अनिश्चितता के कारण छोटी कंपनियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
दबाव
AI कंपनियों पर बढ़ रहा है आर्थिक दबाव
मस्क ने एक्स पर लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों में उन कंपनियों के लिए कर्ज जुटाना मुश्किल हुआ है, जिनकी कमाई का मुख्य आधार AI डाटा सेंटर हैं।
उन्होंने कहा कि स्पेस-X के पास स्टारलिंक और रॉकेट लॉन्च से होने वाली आमदनी भी है। रिपोर्ट के अनुसार, गोल्डमैन सैक्स और अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट से जुड़े लोग इस सौदे की वित्तीय व्यवस्था पर चर्चा कर रहे थे।
पैसिफिक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट कंपनी ने भी इसमें निवेश करने पर विचार किया था।
मुनाफा
स्पेस-X की AI इकाई को पहली बार हुआ मुनाफा
स्पेस-X की AI इकाई ने तीसरी तिमाही में पहली बार मुनाफा दर्ज किया है।
कंपनी मेम्फिस स्थित अपने डाटा सेंटरों से दूसरी AI कंपनियों को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराकर कमाई कर रही है। इससे पहले मस्क के AI स्टार्टअप xAI ने भी कर्ज जुटाने की कोशिश की थी, लेकिन उस व्यवस्था के तहत करीब 13 अरब डॉलर का कर्ज स्पेस-X के अकाउंट्स में दर्ज करना पड़ा।
कंपनी आगे कर्ज लेते समय निवेश श्रेणी की रेटिंग बनाए रखने पर ध्यान देगी।