ट्विटर शेयर खरीद विवाद में एलन मस्क को राहत, कोर्ट ने समझौता किया स्वीकार
क्या है खबर?
अमेरिका में एलन मस्क को ट्विटर शेयर खरीद मामले में बड़ी राहत मिली है। एक संघीय अदालत ने अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (SEC) और मस्क के बीच हुए समझौते को मंजूरी दे दी। हालांकि, जज ने इस समझौते पर कई सवाल भी उठाए और कहा कि इसमें कुछ ऐसे पहलू हैं जिन पर संदेह है। इसके बावजूद अदालत ने तय मानकों के आधार पर समझौते को स्वीकार कर लिया और अपने फैसले में कई महत्वपूर्ण टिप्पणियां भी दर्ज कीं।
मामला
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 2022 में मस्क द्वारा ट्विटर के शेयर खरीदने से जुड़ा है। SEC का आरोप था कि मस्क ने अपनी शुरुआती हिस्सेदारी की जानकारी तय समय से 11 दिन देरी से सार्वजनिक की। एजेंसी का कहना था कि इस देरी के कारण उन्हें कम कीमत पर और ज्यादा शेयर खरीदने का मौका मिला। बाद में मस्क ने करीब 44 अरब डॉलर (लगभग 4,100 अरब रुपये) में ट्विटर का अधिग्रहण कर उसका नाम बदलकर एक्स कर दिया।
चिंता
जज ने SEC के रुख पर भी जताई चिंता
समझौते के तहत मस्क के ट्रस्ट की ओर से 15 लाख डॉलर (लगभग 14 करोड़ रुपये) की राशि दी जाएगी। जज ने सवाल उठाया कि SEC ने कथित रूप से हुए लाभ की पूरी रकम वापस लेने की मांग क्यों नहीं की। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इस मामले में मस्क को दूसरी परिस्थितियों की तुलना में अलग तरह की राहत दी गई। अदालत ने इस पर चिंता दर्ज करते हुए भविष्य में ऐसे मामलों पर भी सवाल उठाए।
बचाव
SEC ने समझौते का किया बचाव
SEC ने अदालत में कहा कि यह समझौता पूरी तरह नियमों के तहत किया गया है और इसमें किसी तरह की मिलीभगत नहीं हुई। एजेंसी के अनुसार, 15 लाख डॉलर की यह पेनल्टी इस तरह के मामलों में बड़ी कार्रवाई मानी जाती है। साथ ही, अदालत के आदेश के बाद मस्क का ट्रस्ट भी तय शर्तों का पालन करने के लिए कानूनी रूप से बाध्य रहेगा और आगे सभी संबंधित नियमों का पालन भी सुनिश्चित करेगा।