8वें वेतन आयोग ने सलाहकार की भर्ती के लिए जारी किए नए नियम
8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने संविदा पर सलाहकार की भर्ती के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इनके तहत वरिष्ठ सलाहकार, सलाहकार और युवा पेशेवर के 3 अलग-अलग पद बनाए गए हैं।
हालांकि, केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के वेतन या पेंशन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसलिए उन्हें इस बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है।
क्या होनी चाहिए इन पदों के लिए योग्यता?
वरिष्ठ सलाहकार के लिए कम से कम 10 साल का अनुभव और अधिकतम 45 साल की उम्र होनी चाहिए। इस पद के लिए केवल 2 पद रखे गए हैं। सलाहकार पद के लिए 6 साल का अनुभव और अधिकतम 40 साल की उम्र तक के लोग आवेदन कर सकते हैं। इस पद के लिए 5 पद उपलब्ध हैं।
युवा पेशेवरों के लिए अधिकतम उम्र 32 साल तय की गई है और 2 साल का अनुभव चाहिए। इस पद के लिए 16 पद उपलब्ध हैं। पात्र होने के लिए मास्टर या MBA की डिग्री ह्यूमन रिसोर्सेज, इंडस्ट्रियल रिलेशंस या इनसे जुड़े किसी भी विषय में होनी चाहिए। अगर, आप LLB पास वकील हैं तो लीगल रिसर्च या कोर्ट-ट्रिब्यूनल में सर्विस मैटर संभालने का अनुभव होना जरूरी है।
बीटेक और एमटेक उम्मीदवारों के पास IT, डाटा एनालिसिस और डाटा विजुअलाइजेशन का अनुभव होना चाहिए। साथ ही, रिसर्च करने, जानकारी जुटाने और नोट्स तैयार करने की अच्छी समझ भी जरूरी है। इसके अलावा, एक्सेल, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन बनाने का अनुभव भी आवश्यक है।