EA करेगी 400 कर्मचारियों की छंटनी, बायोवेयर स्टूडियो भी होगा बंद
क्या है खबर?
वीडियो गेम बनाने वाली कंपनी इलेक्ट्रॉनिक आर्ट्स (EA) एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। कंपनी दुनियाभर में करीब 400 कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी। इसके साथ ही मास इफेक्ट और ड्रैगन एज जैसे लोकप्रिय गेम बनाने वाला बायोवेयर स्टूडियो भी बंद किया जाएगा। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कई महीनों से कारोबार की समीक्षा की जा रही थी। इसके बाद भविष्य की योजनाओं के हिसाब से कामकाज में बदलाव करने का फैसला लिया गया है।
असर
नए गेम का विकास भी रुका
बायोवेयर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्टूडियो बंद होने की पुष्टि की है।
अगले मास इफेक्ट गेम पर शुरुआती काम भी रोक दिया गया है। इसके साथ कनाडा के एडमोंटन में स्थित स्टूडियो का कार्यालय भी बंद होगा।
बायोवेयर की शुरुआत 1995 में हुई थी और EA ने 2007 में इसे खरीद लिया था। मास इफेक्ट और ड्रैगन एज जैसी खेल श्रृंखलाओं के लिए मशहूर इस स्टूडियो को पिछले कुछ वर्षों में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
वजह
खर्च घटाने के लिए कंपनी ने उठाया कदम
EA के करीब 14,500 कर्मचारियों में से लगभग 3 प्रतिशत पर इस छंटनी का असर पड़ेगा। बताया गया है कि बायोवेयर में करीब 50 पद खत्म हो सकते हैं।
कंपनी के नए मालिकों में सऊदी अरब का सार्वजनिक निवेश कोष, सिल्वर लेक और एफिनिटी पार्टनर्स शामिल हैं। करीब 55 अरब डॉलर के सौदे के बाद कंपनी निजी स्वामित्व में चली गई।
EA शोध और विकास पर होने वाला खर्च घटाकर लगभग 70 करोड़ डॉलर बचाने की योजना बना रही है।
अन्य
गेम्स की दूसरी सीरीज पर रहेगा ध्यान
EA ने कहा है कि वह अपने खेल कारोबार के दूसरे हिस्सों में निवेश जारी रखेगी।
कंपनी की योजना स्पोर्ट्स गेम्स, एपेक्स लेजेंड्स और बैटलफील्ड जैसी लोकप्रिय श्रृंखलाओं पर ध्यान देने की है। इसके अलावा, रेस्पॉन और डाइस मिलकर एक नए प्रोजेक्ट पर काम करेंगे। कंपनी मार्वल के आयरन मैन और अगले स्टार वॉर्स जेडी गेम को लेकर भी प्रतिबद्ध है।
गेमिंग उद्योग में दूसरी कंपनियां भी खर्च घटाने और कर्मचारियों की संख्या कम करने के कदम उठा रही हैं।