E20 पेट्रोल पर नितिन गडकरी बोले- शुद्ध पेट्रोल चाहिए तो चुकानी होगी ज्यादा कीमत
क्या है खबर?
देशभर में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकरबड़े स्तर पर विवाद और चर्चा जारी है। इस बीच, द टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि अगर कोई चाहे तो बिना इथेनॉल वाला 100 प्रतिशत पेट्रोल भी खरीद सकता है। उन्होंने कहा, "जो लोग इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नहीं चाहते, वे 100 प्रतिशत पेट्रोल ले सकते हैं, लेकिन उसके लिए उन्हें अधिक कीमत चुकानी होगी।"
इंजन
E20 से इंजन खराब होने का दावा गलत
E20 पेट्रोल से इंजन खराब होने के दावों पर गडकरी ने कहा, "यह अभियान राजनीतिक रूप से प्रेरित है। कुछ लोग मुझे और सरकार को निशाना बना रहे हैं। E20 ईंधन से इंजन को नुकसान पहुंचने के बारे में भी गलत जानकारी फैलाई जा रही है। सभी E10 मानक वाली गाड़ियां E20 ईंधन इस्तेमाल करने के लिए उपयुक्त हैं।"
उन्होंने कहा कि सरकार के पास ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
विकल्प
E85 ईंधन का भी मिलेगा विकल्प
गडकरी ने कहा कि अब कुछ पेट्रोल पंपों पर फ्लेक्स फ्यूल वाहनों के लिए E85 ईंधन भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि कई वाहन कंपनियां ऐसे मॉडल लाने की तैयारी कर रही हैं, जो इस ईंधन पर चलेंगे। उनके अनुसार, अलग-अलग तरह के ईंधन उपलब्ध कराने का फैसला पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है।
ऐसे में इस विषय पर किसी भी तरह का अंतिम निर्णय वही मंत्रालय करेगा।
माइलेज
माइलेज पर भी दिया जवाब
मंत्री ने माना कि इथेनॉल की कैलोरी क्षमता पेट्रोल से थोड़ी कम होती है, इसलिए माइलेज में हल्का अंतर आ सकता है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि शहर के सामान्य ट्रैफिक में इसका असर लगभग महसूस नहीं होगा। केवल तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान थोड़ा फर्क दिख सकता है।
उनके अनुसार, E20 ईंधन को वैज्ञानिक परीक्षण और विस्तृत जांच के बाद ही पूरे देश में लागू किया गया है।