होम लोन चुकाने के बाद भी न फेंकें ये जरूरी कागज, सालों बाद आएंगे काम
क्या है खबर?
होम लोन की पूरी EMI चुकाने के बाद कई लोगों को लगता है कि अब इससे जुड़े कागजों की जरूरत नहीं है। हालांकि, ऐसा करना आगे चलकर परेशानी पैदा कर सकता है। घर बेचने, विरासत में देने या किसी कानूनी मामले के दौरान पुराने दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। इसलिए लोन खत्म होने के बाद भी इससे जुड़े जरूरी कागज सुरक्षित रखना चाहिए। खासकर घर के मालिकाना हक और लोन बंद होने का सबूत संभालकर रखना जरूरी है।
#1
सेल डीड और लोन एग्रीमेंट न फेंकें
लोन चुकाने के बाद घर की मूल सेल डीड और दूसरे पुराने मालिकाना हक वाले कागज सुरक्षित रखें।
इनमें घर की खरीद और मालिकाना हक से जुड़ी जानकारी होती है। इसके साथ ही लोन एग्रीमेंट और मंजूरी पत्र भी संभालकर रखें। इनमें लोन की रकम, ब्याज, किस्तों और दूसरी शर्तों की जानकारी रहती है।
आगे घर बेचने या किसी दस्तावेज की जानकारी जांचने के दौरान इन कागजों की जरूरत पड़ सकती है।
#2
NOC और लोन बंद होने का रिकॉर्ड रखें
लोन पूरा चुकाने के बाद बैंक या लोन देने वाली संस्था से NOC और लोन बंद होने का प्रमाण जरूर लें।
इसे फेंकना नहीं चाहिए, क्योंकि यह बताता है कि आपका पूरा कर्ज चुका दिया गया है। साथ ही बैंक से मिले लोन बंद होने के कागज, आखिरी भुगतान की जानकारी और भुगतान का रिकॉर्ड भी रखें।
भविष्य में घर बेचते समय या किसी पुराने बकाये से जुड़ा सवाल उठने पर ये दस्तावेज काम आ सकते हैं।
#3
अप्रूवल और भुगतान के कागज भी बचाएं
घर से जुड़े मंजूर नक्शे, निर्माण की अनुमति, पूरा होने का प्रमाण और कब्जे से जुड़े कागज भी सुरक्षित रखें।
इनके अलावा, बैंक स्टेटमेंट, लोन स्टेटमेंट और ब्याज प्रमाणपत्र की डिजिटल कॉपी रखना फायदेमंद है।
भारतीय रिजर्व बैंक (rbi) के नियमों के मुताबिक, पूरा लोन चुकाने के बाद लोन देने वाले संस्थान को मूल संपत्ति दस्तावेज 30 दिनों के भीतर लौटाने और दर्ज शुल्क हटाने की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।