दीवाली में इस बार खर्च होंगे ज्यादा पैसे, जानिए क्या-क्या हो गया महंगा?
क्या है खबर?
त्योहारों का मौसम शुरू हो गया है और लोग दिवाली की खरीदारी की तैयारी में जुटे हैं। इस बार त्योहारों पर खरीदारी करना उनकी जेब पर भारी पड़ सकता है। घर के लिए नया टीवी या एयर कंडीशनर खरीदना हो, मिठाइयां लेनी हों या मेहमानों के लिए सूखे मेवे खरीदने हों, कई चीजों के दाम बढ़ गए हैं। ऐसे में लोगों को खरीदारी के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
#1
टीवी और एयर कंडीशनर खरीदना हुआ महंगा
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, हायर, LG और ब्लू स्टार जैसी कंपनियों ने टीवी और एयर कंडीशनर समेत कई घरेलू उपकरणों की कीमतें करीब 3 से 7 फीसदी तक बढ़ा दी हैं।
वहीं, हैवेल्स इंडिया भी दिसंबर तिमाही में कीमतें 5 से 7 फीसदी तक बढ़ा सकती है। इसकी वजह कच्चे माल और उपकरणों के पुर्जों की बढ़ती लागत है।
ऐसे में नया इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने वालों का कुल बजट पहले से ज्यादा बढ़ सकता है।
#2
मिठाइयों और सूखे मेवों के दाम में भी बढ़ोतरी
मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले दूध, खोया, चीनी, मेवे और पैकिंग का खर्च बढ़ने से मिठाइयां 10 से 15 फीसदी तक महंगी हुई हैं।
सूखे मेवों में पिस्ता के दाम सबसे ज्यादा बढ़े हैं। इसकी कीमत करीब 1,500 से 2,100 रुपये किलो पहुंच गई है, जबकि पिछली दिवाली यह लगभग 900 रुपये किलो था।
बादाम भी करीब 35 फीसदी महंगा होकर 1,000 से 1,200 रुपये किलो बिक रहा है। इससे त्योहारों की मिठाई और मेवों का खर्च बढ़ेगा।
#3
दूध, चीनी और रोजमर्रा के सामान पर भी असर
दूध और चीनी की बढ़ती कीमतों से मिठाई बनाने वालों का खर्च बढ़ा है।
उत्तर प्रदेश की मंडियों में चीनी के दाम 4,800 से बढ़कर 5,700 रुपये प्रति क्विंटल हो गए हैं। वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर, डाबर और मैरिको जैसी कंपनियों ने भी रोजमर्रा के कई उत्पादों की कीमतें बढ़ाई हैं।
ऐसे में त्योहारों की खरीदारी के साथ घर का सामान्य खर्च भी बढ़ सकता है और परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो सकता है।